गन्ने के खेत में पड़ी पत्तियों को खाद में बदलें, इस आसान घोल से डीकंपोज और फर्टिलाइजर के रूप में करें इस्तेमाल
Agri Tips: पश्चिमी यूपी को गन्ना बेल्ट कहा जाता है. जहां कटाई के बाद खेत में पड़ी गन्ने की पत्तियां किसानों के लिए बड़ी समस्या बन जाती है. कई किसान इन्हें जला देते है. जिससे मिट्टी की उर्वरक शक्ति घटती है और प्रदूषण का खतरा भी बढ़ता है. कृषि वैज्ञानिक डॉ. आई.के. कुशवाहा के अनुसार इन पत्तियों को जलाने की बजाय डीकंपोज कर खाद बनाया जा सकता है. इसके लिए पूसा डीकंपोजर (कैप्सूल या लिक्विड) को गुड़, बेसन और पानी में मिलाकर 4-5 दिन तक रखें. इसके बाद इस घोल को सिंचाई के पानी के साथ खेत में डालें या छिड़काव करें. इससे पत्तियां जल्दी गल जाती है और प्राकृतिक खाद बनकर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाती है.