घर नहीं, अपने कमरे पर जबरन ले गया ऑटोवाला… गुरुग्राम में नेपाली युवती के साथ गैंगरेप, ड्राइवर अरेस्ट

हरियाणा के गुरुग्राम से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां एक नेपाली युवती (26 वर्ष) के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया. पीड़िता का आरोप है कि जिस ऑटो रिक्शा में वह घर लौटने के लिए बैठी थी. उसी में मौजूद तीन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों में ऑटो चालक भी शामिल है. पुलिस ने मुख्य आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है और वर्तमान में हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक निजी कंपनी में कार्यरत है. उसने अपनी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार को गुरुग्राम में अपने एक परिचित से मिलने आई थी. काफी देर इंतजार करने के बावजूद जब उससे संपर्क नहीं हो पाया तो वह परेशान हो गई. मानसिक तनाव में उसने शराब पी ली. इसके बाद देर शाम उसने घर लौटने के लिए एक ऑटो रिक्शा लिया.
कमरे पर ले जाकर गैंगरेप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब वह ऑटो में बैठी, तब उसमें पहले से ही तीन युवक मौजूद थे. वह नशे की हालत में थी और आगे की घटनाओं की स्पष्ट याद नहीं है. आरोप है कि तीनों उसे बहला-फुसलाकर जबरन नाहरपुर रूपा इलाके के एक कमरे में ले गए, जहां उसके साथ गैंगरेप किया गया. जब उसे होश आया तो वह खुद को उसी कमरे में पड़ी हुई मिली. किसी तरह उसने वहां से निकलकर पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी.
मुख्य आरोपी ऑटो चालक अरेस्ट
गुरुग्राम पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना क्षेत्र में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मुख्य आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है. उससे पूछताछ जारी है और उसके बताए ठिकानों पर छापेमारी कर अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है. पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.