Veeportal.com – Your Trusted Source for Truth and Reliable News

Veeportal News Portal
News

2003 से पुलिस की नौकरी, बने कमांडो…सांसद दीपेंद्र हुड्डा की सिक्योरिटी में शामिल, कौन थे PSO प्रदीप, जिन्होंने किया सुसाइड?

2003 से पुलिस की नौकरी, बने कमांडो…सांसद दीपेंद्र हुड्डा की सिक्योरिटी में शामिल, कौन थे PSO प्रदीप, जिन्होंने किया सुसाइड?

ASI Pradeep Suicide News: हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की सिक्योरिटी में तैनात ASI प्रदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. उन्होंने बुधवार देर रात अपने घर में अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली. वह 2003 बैच में कमांडो के रूप में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे. फिलहाल उनकी मौत के पीछे की वजह सामने नहीं आई है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हैं.

मृतक की पहचान ASI प्रदीप पुत्र चंद्र के रूप में हुई है. वह रोहतक जिले के मोखरा गांव के रहने वाले थे. प्रदीप हरियाणा पुलिस में 2003 बैच के कमांडो थे. पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने सुरक्षा से जुड़ी कई जिम्मेदारियां संभाली थीं. वर्तमान में वह कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की सिक्योरिटी टीम में बतौर पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) तैनात थे.

प्रदीप बुधवार शाम को अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौटे थे. घर पहुंचने के बाद वह मकान की छत पर बने एक कमरे में अकेले चले गए. परिवार के बाकी सदस्य अपने काम में लगे थे. इसी दौरान देर रात अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर परिजन घबराकर कमरे की तरफ दौड़े.

कमरे में खून से लथपथ मिले प्रदीप

जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो प्रदीप गोली लगने से घायल अवस्था में पड़े थे. शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारी थी. परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए निकले. हालांकि, निजी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू किए. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने कमरे का मुआयना कर मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं.

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर प्रदीप ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? क्या वह किसी तरह के तनाव से गुजर रहे थे या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी? फिलहाल इन सवालों के जवाब नहीं मिल पाए हैं. पुलिस उनकी मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *