News

UP Board Exam 2027 को लेकर बड़ा फैसला, पहली बार एडमिट कार्ड पर होंगे स्टूडेंट्स के सिग्नेचर

UP Board Exam 2027 को लेकर बड़ा फैसला, पहली बार एडमिट कार्ड पर होंगे  स्टूडेंट्स के सिग्नेचर

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले 50 लाख से ज्यादा छात्रों के लिए इस बार बड़ा बदलाव किया गया है. पहली बार छात्रों के एडमिट कार्ड पर उनकी फोटो के साथ डिजिटल सिग्नेचर भी छापे जाएंगे. परीक्षा के दौरान आंसरशीट और अटेंडेंस शीट पर किए गए सिग्नेचर्स का मिलान एडमिट कार्ड पर मौजूद सिग्नेचर्स से किया जाएगा. बोर्ड का उद्देश्य सॉल्वर गैंग, फर्जी परीक्षार्थियों और नकल माफिया पर पूरी तरह रोक लगाना है. इसके साथ ही बोर्ड ने रेगुलर और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने का डिटेल शेड्यूल भी जारी कर दिया है.

एडमिट कार्ड पर पहली बार होंगे छात्रों के सिग्नेचर्स

इस बार 50 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड पर उनकी फोटो के साथ डिजिटल सिग्नेचर्स भी अंकित किए जाएंगे. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान छात्रों की फोटो के साथ उनके सिग्नेचर्स स्कैन कर बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं.

परीक्षा केंद्र पर जब छात्र आंसरशीट और अटेंडेंस शीट पर सिग्नेचर्स करेंगे, तब कक्ष निरीक्षक और केंद्र व्यवस्थापक उनका मिलान एडमिट कार्ड पर छपे सिग्नेचर से करेंगे. अगर सिग्नेचर मेल नहीं खाते हैं तो तुरंत जांच और जरूरी कार्रवाई की जाएगी. इस कदम का उद्देश्य किसी दूसरे व्यक्ति को वास्तविक छात्र की जगह परीक्षा देने से रोकना है.

सॉल्वर गैंग पर सख्ती

बोर्ड के अनुसार, पिछले वर्षों में कुछ मामलों में फोटो बदलकर या अन्य तरीकों से सॉल्वर को परीक्षा में बैठाने की घटनाएं सामने आई थीं. ऐसे मामलों में कई जिलों में नकल माफिया और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी. नई सिग्नेचर वेरीफिकेशन प्रणाली से इस तरह की गड़बड़ियों पर काफी हद तक रोक लगने की उम्मीद है.

यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि वर्तमान रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में ही छात्रों के हस्ताक्षर अपलोड कराए जा रहे हैं ताकि परीक्षा के समय उनका वेरीफिकेशन किया जा सके.

जारी हुआ रजिस्ट्रेशन शेड्यूल

बोर्ड ने एकेडमिक ईयर 2026-27 के लिए आवेदन और फीस जमा करने का शेड्यूल भी जारी किया है. विद्यार्थियों के आवेदन 5 अगस्त तक स्वीकार किए जाएंगे, जबकि एग्जाम फीस 10 अगस्त तक कोषागार में जमा कराया जा सकेगा. इसके बाद 16 अगस्त तक 100 रुपये लेट फीस के साथ फीस जमा करने की सुविधा रहेगी.

स्कूलों को छात्रों की एजुकेशनल डिटेल 16 अगस्त की रात 12 बजे तक वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी, जबकि फोटोयुक्त नामावली और संबंधित दस्तावेज 30 सितंबर तक बोर्ड कार्यालय में जमा करने होंगे. इससे परीक्षा प्रक्रिया समयबद्ध और अधिक पारदर्शी बनाई जा सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *