Hartalika Teej 2026: हरतालिका तीज व्रत में छोटी-छोटी गलतियों से टूट सकता है व्रत, किन बातों का रखें ध्यान?

Hartalika Teej Fast Rules 2026: हरतालिका तीज का व्रत हिंदू धर्म में बेहद कठिन और महत्वपूर्ण व्रतों में से एक माना जाता है. साल 2026 में हरतालिका तीज का व्रत 14 सितंबर, सोमवार को रखा जाएगा. ये व्रत भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को किया जाता है. मान्यता के अनुसार, इस दिन सूर्यास्त के बाद प्रदोष काल में बालू यानी रेत से भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा बनाकर पूजा करना बेहद शुभ माना जाता है. हरतालिका तीज का व्रत सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना से रखती हैं. वहीं, कुंवारी कन्याएं मनचाहा वर पाने के लिए इस व्रत का पालन करती हैं.
हरतालिका व्रत निर्जला रखा जाता है यानी इसमें अन्न के साथ पानी का भी सेवन नहीं किया जाता. व्रती महिलाएं पूरे दिन और पूरी रात व्रत रखती हैं और अगले दिन सुबह पूजा करने के बाद ही व्रत खोलती हैं. इस दिन सुहागिन महिलाएं नए वस्त्र पहनकर सोलह श्रृंगार करती हैं. पूजा के दौरान बालू या काली मिट्टी से भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश जी की प्रतिमा बनाई जाती है. इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है.
हरतालिका तीज में क्या नहीं करना चाहिए?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हरतालिका तीज के व्रत में कुछ नियमों का पालन करना जरूरी माना जाता है. क्रोध करने, गलत रंग के कपड़े पहनने या दिन में सोने जैसी छोटी-छोटी गलतियों से व्रत का पूर्ण फल प्रभावित हो सकता है. इसलिए व्रत रखने वाली महिलाओं को इन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए.
वाद-विवाद से बचें:- व्रत के दौरान मन को शांत रखें. पति, परिवार या किसी अन्य व्यक्ति से गुस्सा या वाद-विवाद करने से व्रत का फल नष्ट होता है.
गलत रंग के कपड़े न पहनें:- इस दिन काले या सफेद रंग के वस्त्र पहनना अशुभ माना जाता है. इसके अलावा नीले या भूरे रंग से भी बचना चाहिए. पूजा में लाल, पीला, हरा या गुलाबी रंग पहनना शुभ होता है.
दिन में सोने से बचें:- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हरतालिका तीज पर व्रती महिलाओं को दिन में सोने की मनाही होती है. खाली समय में शिव-पार्वती का स्मरण और भजन-कीर्तन करना चाहिए.
स्वास्थ्य की अनदेखी:- ये व्रत निर्जला रखा जाता है, लेकिन अगर आपकी सेहत ठीक नहीं है, आप गर्भवती हैं या बुजुर्ग हैं, तो शरीर पर दबाव न डालें और डॉक्टर की सलाह लें.
रात्रि जागरण:- इस व्रत में रात के समय सोना वर्जित है. पूरी रात जागकर भजन-कीर्तन और कथा सुनने का विधान है.
बाल-नाखून न काटें:- हरतालिका तीज व्रत के दौरान नाखून या बाल काटना वर्जित होता है, इसलिए ऐसा करने से बचना चाहिए.
बाल न धोएं:- हरतालिका तीज व्रत के दौरान महिलाओं को बाल धोने से बचना चाहिए, इससे व्रत की पवित्रता खत्म हो सकती है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.
