बाइक पर Dashcam लगवाना क्यों हो सकता है फायदे का सौदा? हादसों के साथ अपनी राइडिंग पर भी रखें नजर

सड़कों पर रोजाना कहीं न कहीं हादसे होते रहते हैं. कभी तेज रफ्तार, कभी लापरवाही से ओवरटेक करना तो कभी रोड रेज की वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है. ऐसे में सड़क पर सफर करते समय अपनी सेफ्टी का ध्यान रखना बहुत जरूरी हो जाता है. कारों में Dashcam लगाने का चलने तो बढ़ ही गया है, लेकिन बाइक और स्कूटर पर अभी भी इसका इस्तेमाल इतना आम नहीं हुआ है.
अगर आप रोजाना दोपहिया वाहन से सफर करते हैं, तो बाइक या हेलमेट पर Dashcam या एक्शन कैमरा लगवाना आपके काम आ सकता है. इससे न सिर्फ रास्ते में होने वाली घटनाओं को रिकॉर्ड किया जा सकता है, बल्कि अपनी राइडिंग को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है. चलिए आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं कि आखिर बाइक पर Dashcam लगाने के कितने फायदे हैं.
हादसे के समय मिल सकता है जरूरी सबूत
सड़क पर टक्कर होने के बाद अक्सर दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात रखते हैं और यह समझना मुश्किल हो जाता है कि आखिर गलती किसकी थी. ऐसे में बाइक पर लगा ये कैमरा आपका साथी बन सकता है. हादसे के समय रिकॉर्ड हुआ वीडियो घटना को समझने में पुलिस, बीमा कंपनी या संबंधित अधिकारियों के लिए काम का हो सकता है.हालांकि, वीडियो को सबूत के तौर पर कितना महत्व मिलेगा, यह मामले और संबंधित प्रक्रिया पर निर्भर करता है.
फर्जी क्लेम और पैसों की मांग से बचाव
कई बार सड़क पर छोटी-मोटी टक्कर के बाद विवाद बढ़ जाता है. कुछ मामलों में लोग दूसरे वाहन चालक पर गलत आरोप लगा सकते हैं या बेवजह पैसों की मांग कर सकते हैं. ऐसी स्थिति में कैमरे की रिकॉर्डिंग आपके पक्ष को समझाने में मदद कर सकती है.
अगर घटना का वीडियो साफ है, तो उससे यह पता लगाने में आसानी हो सकती है कि सड़क पर वास्तव में क्या हुआ था. इससे गलतफहमी दूर करने और विवाद सुलझाने में मदद मिल सकती है.
रोड रेज की घटनाओं में हो सकता है मददगार
सफर के दौरान कभी-कभी दूसरे वाहन चालक गुस्से में आकर बहस करने लगते हैं, जानबूझकर रास्ता रोकते हैं या परेशान करने की कोशिश करते हैं. ऐसे में हेलमेट या बाइक पर लगा कैमरा घटना को रिकॉर्ड कर सकता है.
अगर कोई अप्रिय घटना होती है, तो फुटेज के जरिए पुलिस को पूरी बात समझाने में मदद मिल सकती है.कैमरा होने से हर व्यक्ति का व्यवहार जरूर नहीं बदलेगा, लेकिन घटना रिकॉर्ड होने की संभावना आपके लिए उपयोगी हो सकती है.
अपनी राइडिंग की गलतियां पहचानें
Dashcam सिर्फ दूसरों की हरकतों पर नजर रखने के लिए नहीं है. इसकी रिकॉर्डिंग देखकर आप अपनी राइडिंग का भी आकलन कर सकते हैं. मसलन, क्या आप जरूरत से ज्यादा तेज बाइक चला रहे हैं? क्या आप गलत जगह से ओवरटेक करते हैं? क्या सड़क पर ध्यान भटक जाता है? वीडियो दोबारा देखने से ऐसी आदतों को पहचानने और उनमें सुधार करने का मौका मिल सकता है. इससे आप आगे ज्यादा सतर्क होकर बाइक चला सकते हैं.
यादगार सफर को भी करें रिकॉर्ड
कैमरे का एक मजेदार फायदा यह भी है कि इससे आप अपनी लंबी बाइक राइड, खूबसूरत पहाड़ी रास्तों और हाईवे के नजारों को रिकॉर्ड कर सकते हैं.मोटोव्लॉगिंग पसंद करने वालों के लिए तो यह खास तौर पर काम का है.
कुल मिलाकर, बाइक पर कैमरा लगवाना सुरक्षा, सफर की रिकॉर्डिंग और अपनी राइडिंग को बेहतर बनाने के लिहाज से उपयोगी हो सकता है. बस कैमरा ऐसा चुनें जो बाइक या हेलमेट पर मजबूती से लगे, और उसे इस तरह फिट करें कि राइडिंग के दौरान आपका ध्यान सड़क से न हटे.
यह भी पढ़ें- नई Thar के लिए तैयार हो जाइए! फाइनल टेस्टिंग में नजर आई महिंद्रा की दमदार SUV, मिलेंगे कई नए बदलाव
