Asian Games 2026: विदेश में फिर फुस्स हुए अभिषेक शर्मा! घर के बाहर लगातार छठी बार हुआ ऐसा हाल

IND vs SL, Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट इवेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा है. मुकाबले में श्रीलंकाई कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, और उनका यह फैसला उस वक्त सही साबित हुआ जब भारतीय टीम ने सिर्फ 12 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया. विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा एक बार फिर विदेशी पिच पर फ्लॉप साबित हुए और सिर्फ 3 गेंदों में 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. अपनी इस पारी में उन्होंने 1 छक्का जरूर लगाया, लेकिन बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे.
घर में शेर, विदेश में फिर ढेर
अभिषेक शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी भारतीय मैदानों पर जितनी खतरनाक नजर आती है, विदेशी परिस्थितियों में वो उतने ही कमजोर दिख रहे हैं. भारत के बाहर अपनी पिछली 6 इंटरनेशनल टी20 पारियों में उन्होंने काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया है. वो इन 6 पारियों में एक बार भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके हैं. इन 6 पारियों में उनका स्कोर 3, 1, 8, 2, 0, 7 रन है. ऐसे में उनके इस प्रदर्शन से भारतीय टीम मैनेजमेंट और सेलेक्टर्स की चिंताएं बढ़ गई हैं.
हैरानी की बात यह है कि इन्हीं 6 विदेशी पारियों के बीच में जब वो भारत में खेले, तो उन्होंने घरेलू मैदानों पर 3 पारियों में 82, 38 और 108 रनों की आतिशी पारियां खेलकर तहलका मचाया था. लेकिन जैसे ही वो विदेशी सरजमीं पर कदम रखते हैं, उनका बल्ला खामोश हो जाता है. एशियन गेम्स के इस नॉकआउट मुकाबले में टीम इंडिया को उनसे एक मजबूत शुरुआत की दरकार थी, लेकिन पावरप्ले में ही उनके जल्दी आउट होने से टीम को बड़ा झटका लगा.
घर और बाहर के आंकड़ों में बड़ा अंतर
अभिषेक शर्मा के पूरे टी20 करियर के आंकड़े भी इस बात की गवाही देते हैं कि उन्हें विदेशी पिचों की गति, उछाल और स्विंग के अनुकूल ढलने में संघर्ष करना पड़ रहा है. घरेलू पिचों पर जहां वो 1000 रनों के आंकड़े के करीब हैं, वहीं लगभग उतने ही विदेशी मुकाबलों में उनके नाम सिर्फ 605 रन दर्ज हैं. उन्होंने घरेलू मैदानों पर 27 मैचों में 969 रन बनाए हैं. वहीं, विदेशी मैदानों पर 26 मैचों में 605 रन ही बना सके हैं.
