मायावती ने आकाश आनंद को सौंपी ताबड़तोड़ रैलियों की कमान, 28 अक्टूबर से संभालेंगे मोर्चा

बहुजन समाज पार्टी (BSP) में बड़े संगठनात्मक बदलाव और भविष्य की रणनीतियों को लेकर पार्टी नेतृत्व की तरफ से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया है. बसपा प्रमुख मायावती के दिशा-निर्देशन में जारी इस बयान में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के बढ़ते कद, उनके आगामी राजनैतिक कामकाज की जानकारी दी गई है. साथ ही परिवार के एक और सदस्य ईशान आनंद की भी राजनीति में एंट्री सहित कई बड़े नीतिगत फैसलों का ऐलान किया गया है.
1. आकाश आनंद को मिली कमान, धुआंधार रैलियों का शेड्यूल जारी
पार्टी की तरफ से ये स्पष्ट किया गया है कि पहले में हुई कुछ अप्रिय घटनाओं के लिए आकाश आनंद से ज्यादा उनके रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ जिम्मेदार थे. अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद, आकाश आनंद अब पूरी परिपक्वता के साथ पारिवारिक रिश्तों से ऊपर उठकर पार्टी के मूवमेंट को आगे बढ़ाने में जुट गए हैं. आगामी दिनों में उनके कई जिलों और राज्यों में ताबड़तोड़ जनसभाओं का कार्यक्रम तय किया गया है, जो इस प्रकार है:
• 28 अक्टूबर 2026: जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) में जनसभा
• 02 नवंबर 2026: जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में जनसभा
• 20 नवंबर 2026: जिला अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में जनसभा
• 22 नवंबर 2026: जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) में जनसभा
• 29 नवंबर 2026: जिला कानपुर नगर (उत्तर प्रदेश) में जनसभा
• 26 नवंबर 2026 (‘संविधान दिवस’): पंजाब राज्य में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
• 06 दिसंबर 2026 (बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस): उत्तराखंड के जिला हरिद्वार में आयोजित विचार संगोष्ठी और जनसभा को संबोधित करेंगे.
2. अशोक सिद्धार्थ की वापसी की अटकलों पर पूर्ण विराम
पार्टी ने उन सभी अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें ये कहा जा रहा था कि अशोक सिद्धार्थ को दोबारा बसपा में शामिल किया जा सकता है. पार्टी नेतृत्व ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि इन अफवाहों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है. अशोक सिद्धार्थ को किसी भी स्थिति या कीमत पर दोबारा बसपा में वापस नहीं लिया जाएगा. कार्यकर्ताओं से ऐसे स्वार्थी तत्वों और अफवाहों से सावधान रहने की अपील की गई है.
3. लंदन रिटर्न ईशान आनंद की बसपा में एंट्री
इस आधिकारिक घोषणा में एक और बड़ा खुलासा हुआ है. आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद अब सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में बसपा से जुड़ गए हैं. उन्होंने लंदन से वकालत (Law) की पढ़ाई पूरी की है. बसपा प्रमुख के दिशा-निर्देशन में वे दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के चुनावी कार्यों, कानूनी मामलों और महत्वपूर्ण पेपरवर्क से संबंधित जिम्मेदारियों को संभालेंगे. बसपा नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे विरोधियों के हथकंडों से सतर्क रहें और आकाश आनंद के नेतृत्व में होने वाले इन सभी आगामी कार्यक्रमों को तन, मन, धन से सफल बनाएं.
