News

नैनीताल में मानसिक रूप से कमजोर युवती से गैंगरेप, 8 महीने की गर्भवती मिली; दरिंदों की चप्पे-चप्पे पर तलाश

नैनीताल में मानसिक रूप से कमजोर युवती से गैंगरेप, 8 महीने की गर्भवती मिली; दरिंदों की चप्पे-चप्पे पर तलाश

Nainital Gang Rape: देवभूमि उत्तराखंड एक बार फिर शर्मसार हुई है, जहां एक ओर हम समाज और इंसानियत की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर नैनीताल जिले के रामनगर से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक और वीभत्स खबर सामने आई है. यहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त (अस्थिर) युवती के साथ हैवानियत की हदें पार कर दी गईं.

करीब 8-9 महीने से रामनगर के आसपास भटक रही यह बेसहारा युवती आज आठ महीने के गर्भ से है और दरिंदों के जुल्म की दास्तान बयां कर रही है. पिछले करीब 8-9 महीनों से रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में एक 25 वर्षीय मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती घूमती नजर आ रही थी. आज अचानक इस युवती को काशीपुर में रोडवेज बस अड्डे के पास देखा गया, जहां वह पेट दर्द से बुरी तरह तड़प रही थी.

डॉक्टरों ने बताया कि युवती प्रेग्नेंट है

किसी ने इसकी सूचना समाजसेवा के कार्यों में हमेशा आगे रहने वाले जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल को दी,. सूचना मिलते ही मुकेश सुयाल अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. फिर युवती की हालत को देखते हुए उसे रामनगर के डॉक्टरों को दिखाया गया, तो जो सच सामने आया उसने सभी के पैरों तले जमीन खिसका दी. डॉक्टरों ने बताया कि युवती प्रेग्नेंट है.

इसके बाद बिना एक पल गंवाए मुकेश सुयाल ने मानवता का फर्ज निभाते हुए उसे तुरंत हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया और इस गंभीर घटना की सूचना पुलिस को दे दी. मुकेश सुयाल के अनुसार जब उन्होंने और उनकी टीम ने युवती से बात की तो पता चला कि वह मूल रूप से जिला पौड़ी गढ़वाल के आसपास के क्षेत्र की रहने वाली है.

​दर्द और खौफ के वो साए…

बेसुध और मानसिक रूप से कमजोर इस युवती ने दर्द के बीच जो खुलासा किया, वह दिल दहला देने वाला है. युवती ने मुकेश सुयाल को बताया कि होली के आसपास रामनगर में ही दो-तीन दरिंदों ने उसके साथ गैंगरेप किया था, जिसके बाद वह इस मासूम जान को पेट में पालने को मजबूर हुई.

​इस भयावह और संवेदनशील मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल ने रोष व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि ऐसे शैतानों और दरिंदों को बख्शा नहीं जाना चाहिए. उनके खिलाफ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके. ​वहीं इस मामले पर रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने भी संज्ञान लिया है.

मामले की गंभीरता से की जा रही है जांच

कोतवाल सुशील कुमार का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई के तहत महिला सेल को भी इसकी जानकारी दी जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ऐसा ही मामला कुछ साल पहले भी सामने आया था, जहां एक विशिप्त महिला के साथ भी ऐसी ही दरिंदगी की गई थी.

ये भी पढ़ें: 2 पायलट जरूरी चमोली हादसे के बाद उड़ान के नियम सख्त, भड़के हेलिकॉप्टर ऑपरेटर्स, आज से हड़ताल की चेतावनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *