‘दिल्ली में प्रदूषण के लिए दिवाली के पटाखों को विलेन बनाना बंद कीजिए’, बोले CTI चेयरमैन

दिल्ली में दिवाली के दौरान पटाखे जलाने को लेकर जारी विवाद के बीच व्यापारियों और उद्यमियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने पटाखा कारोबारियों के समर्थन में आवाज उठाई है. CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा है कि दिल्ली के प्रदूषण के लिए सिर्फ दिवाली के पटाखों को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है. उन्होंने राजनीतिक दलों को पत्र लिखकर मांग की है कि पटाखों को प्रदूषण का खलनायक बनाना बंद किया जाए और सभी राज्य अपने यहां पराली जलाने की समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करें.
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि CTI प्रदूषण के पूरी तरह खिलाफ है और संगठन दिल्ली की हवा साफ देखना चाहता है, लेकिन प्रदूषण के नाम पर केवल पटाखा कारोबारियों की रोजी-रोटी पर ताला लगा देना समस्या का समाधान नहीं है. उनके मुताबिक, दिवाली के एक दिन के पटाखों को पूरे प्रदूषण के लिए जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है.
5, 6 और 7 नवंबर को प्रदूषण के लिए कौन जिम्मेदार था?
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने प्रदूषण के आंकड़ों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि जब दिल्ली में 8 नवंबर को पटाखे जले, तो उससे पहले 5, 6 और 7 नवंबर को प्रदूषण के लिए कौन जिम्मेदार था? उन्होंने कहा कि इन तीनों दिनों में दिल्ली का AQI 350 से 400 के बीच दर्ज किया गया था, जबकि उस समय दिवाली के पटाखे नहीं जले थे… यह तथ्य बताता है कि दिल्ली के प्रदूषण के पीछे केवल पटाखे जिम्मेदार नहीं हैं. पटाखों को दोष देना सबसे आसान है, लेकिन प्रदूषण के दूसरे कारणों पर भी ध्यान देना जरूरी है.
अक्टूबर से जनवरी के बीच ही क्यों बढ़ता है प्रदूषण?
बृजेश गोयल ने सवाल उठाया कि दिल्ली में हर साल अक्टूबर से जनवरी के बीच ही प्रदूषण का स्तर क्यों बढ़ता है? मार्च, अप्रैल, मई, जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर में प्रदूषण का स्तर इसी तरह क्यों नहीं रहता? उनका कहना है कि इसकी एक बड़ी वजह पड़ोसी राज्यों में पराली जलाया जाना है. जैसे ही पराली जलाने का सिलसिला शुरू होता है, दिल्ली की हवा प्रभावित होने लगती है. CTI ने राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे अपने-अपने राज्यों में पराली की समस्या का समाधान निकालें और केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करें.
पटाखा कारोबार से जुड़े 10 लाख परिवारों की रोजी-रोटी का सवाल
CTI ने पटाखा कारोबार से जुड़े व्यापारियों और कामगारों की आजीविका का मुद्दा भी उठाया है. संगठन के मुताबिक, शिवकाशी की फैक्ट्रियों से लेकर दिल्ली के खुदरा दुकानदारों तक देशभर में करीब 10 लाख लोग पटाखा कारोबार से जुड़े हैं. इन कारोबारियों ने लाइसेंस, स्टॉक और पूंजी में निवेश किया है. बृजेश गोयल ने कहा कि एक छोटा व्यापारी सालभर पूंजी लगाता है और दिवाली के 15 से 20 दिनों में अपनी सालाना कमाई करता है. ऐसे में अंतिम समय पर प्रतिबंध लगने से उसका पूरा निवेश डूब सकता है.
उन्होंने कहा कि दिल्ली के कई पटाखा कारोबारी CTI से जुड़े हैं. संगठन उन्हें अगले साल दिल्ली में दुकानें नहीं लगाने और पटाखे नहीं बेचने के लिए मना भी सकता है, लेकिन सवाल यह है कि क्या कोई विश्वसनीय और जवाबदेह पार्टी या संस्था इस बात की गारंटी देगी कि पटाखे बंद होने के बाद भी अक्टूबर से जनवरी के बीच दिल्ली का AQI 300 से ऊपर नहीं जाएगा?
ग्रीन पटाखों के बावजूद कारोबारियों को क्यों किया जाता है टारगेट?
CTI ने कहा कि जब पटाखा कारोबारियों ने न्यायालय के निर्देशों के मुताबिक ग्रीन पटाखे बनाए, तब भी उन्हें बार-बार निशाना बनाया जाता है. संगठन का कहना है कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए कम पटाखे, तय समय पर पटाखे और ग्रीन पटाखों जैसे विकल्पों पर विचार किया जाना चाहिए, न कि कारोबारियों की आजीविका पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए.
बच्चों की खुशियों और त्योहार की परंपरा का भी उठाया मुद्दा
बृजेश गोयल ने कहा कि बच्चे पूरे साल दिवाली का इंतजार करते हैं. उनके लिए दिवाली नए कपड़े, मिठाई, दीये और पटाखों की खुशी से जुड़ी होती है. उन्होंने कहा कि बच्चों को यह संदेश नहीं जाना चाहिए कि त्योहार का मतलब सिर्फ प्रतिबंध है. CTI का कहना है कि पर्यावरण की सुरक्षा जरूरी है, लेकिन इसके लिए संतुलित रास्ता अपनाया जाना चाहिए. कम मात्रा में, निर्धारित समय पर और ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल को विकल्प बनाया जा सकता है.
हिंदू त्योहारों पर ही सख्त प्रतिबंध क्यों?
CTI ने अपने पत्र और बयान में यह सवाल भी उठाया है कि पर्यावरण के नाम पर सबसे सख्त कार्रवाई हिंदू त्योहारों के दौरान ही क्यों दिखाई देती है. संगठन ने कहा कि वह किसी धर्म के खिलाफ नहीं है और सभी धर्मों का सम्मान करता है, लेकिन कानून सभी के लिए समान होना चाहिए. बृजेश गोयल ने दिवाली पर पटाखों, होली पर पानी, छठ पर यमुना, कांवड़ यात्रा पर डीजे और गणपति विसर्जन पर प्रदूषण को लेकर होने वाली आपत्तियों का जिक्र किया. उन्होंने सवाल किया कि नए साल की रात 12 बजे देशभर में पटाखे जलाए जाते हैं, तब वैसी आवाजें क्यों नहीं उठतीं?
CTI की मांग- प्रदूषण का समाधान सालभर के प्रबंधन में
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि संगठन साफ हवा, व्यापार, परंपराओं और बच्चों की खुशियों के बीच संतुलन चाहता है. उनके मुताबिक, प्रदूषण का समाधान केवल दिवाली के पटाखों पर प्रतिबंध लगाने में नहीं, बल्कि सालभर वैज्ञानिक और संतुलित प्रबंधन करने में है. CTI ने राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे प्रदूषण को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बनाने के बजाय पराली, वाहनों, निर्माण गतिविधियों और अन्य स्रोतों से होने वाले प्रदूषण पर भी मिलकर काम करें. संगठन ने दोहराया कि यदि पटाखों पर पूरी तरह रोक लगा दी जाती है, तो इसकी गारंटी कौन देगा कि दिल्ली में अक्टूबर से जनवरी के बीच AQI 300 से ऊपर नहीं जाएगा?
