होर्मुज में 50 जहाजों पर साइबर हमले, ईरान ने लिया अमेरिका का नाम

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच अब समुद्री क्षेत्र में साइबर हमलों का नया मोर्चा खुलता दिखाई दे रहा है. अमेरिका को शक है कि ईरान जहाजों और ऊर्जा टैंकरों को निशाना बनाकर साइबर हमले कर रहा है. Wall Street Journal की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 50 जहाजों पर साइबर हमले किए जाने की आशंका है.
इन जहाजों में तेल टैंकर, एलपीजी ले जाने वाले जहाज, केमिकल उत्पादों के जहाज और अन्य खतरनाक सामानों की ढुलाई करने वाले जहाज शामिल बताए जा रहे हैं. अमेरिकी अधिकारी इन हमलों की जांच कर रहे हैं और ईरान की संभावित भूमिका का पता लगाने में जुटे हैं.
तनाव का केंद्र बना हॉर्मूज स्ट्रेट
हॉर्मूज स्ट्रेट पहले से ही अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का बड़ा केंद्र बना हुआ है. इस समुद्री रास्ते पर जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से वैश्विक तेल सप्लाई और समुद्री व्यापार पर असर पड़ने की आशंका है. कुछ जहाजों को चेतावनी और बम से उड़ाने की धमकियां भी मिली हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि इन हमलों में ईरान मुख्य संदिग्ध है, और अमेरिकी अधिकारियों को रूस के भी इसमें शामिल होने का संदेह है.
समुद्री क्षेत्र में दबाव बढ़ाने की रणनीति
अमेरिका को चिंता है कि ईरान सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ साइबर ऑपरेशन के जरिए भी समुद्री क्षेत्र में दबाव बढ़ाने की रणनीति अपना सकता है. अगर जहाजों पर साइबर हमले बढ़ते हैं, तो इससे समुद्री सुरक्षा, तेल सप्लाई और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता है. यानी अमेरिका-ईरान टकराव अब मिसाइल और सैन्य हमलों के साथ साइबर वॉर के मोर्चे पर भी पहुंचता दिखाई दे रहा है.
साइबर सुरक्षा टीमें तैनात
अधिकारियों और विशेषज्ञों के अनुसार, हमलावर समुद्री क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले Fortinet राउटर्स की एक कमजोर कड़ी (vulnerability) का फायदा उठा रहे हैं. अमेरिकी तटरक्षक बल (U.S. Coast Guard) ने अमेरिका की ओर बढ़ रहे कुछ प्रभावित जहाजों की मदद के लिए साइबर सुरक्षा टीमें तैनात की हैं.
