News

Kumbh 2027: हरिद्वार अर्धकुंभ में 4 अमृत स्नान का खास संयोग, जानें कब-कब लगाई जाएगी गंगा में आस्था की डुबकी

Kumbh 2027: हरिद्वार अर्धकुंभ में 4 अमृत स्नान का खास संयोग, जानें कब-कब लगाई जाएगी गंगा में आस्था की डुबकी

Ardh Kumbh 2027: साल 2025 में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ का भव्य आयोजन किया गया था. 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक चले इस 45 दिवसीय महाकुंभ में देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचे थे. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, महाकुंभ के दौरान 66 करोड़ से अधिक लोगों ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी. अब एक बार फिर देश में बड़े धार्मिक आयोजन की तैयारियां शुरू होने जा रही हैं. इस बार श्रद्धालुओं को हरिद्वार में गंगा स्नान का पुण्य अवसर मिलेगा.

दरअसल, साल 2027 में उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेले का आयोजन होने जा रहा है. इस दौरान गंगा के घाटों पर देशभर से साधु-संतों, अखाड़ों और श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगेगा. धार्मिक मान्यताओं के लिहाज से कुंभ मेले में प्रमुख स्नान पर्वों का विशेष महत्व होता है. खासतौर पर अमृत स्नान के दिन गंगा में डुबकी लगाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि 2027 में हरिद्वार कुंभ कब से शुरू होगा और इसके प्रमुख स्नान पर्वों की तारीखें क्या हैं.

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 कब से शुरू होगा?

हरिद्वार में अर्धकुंभ मेले का आयोजन 14 जनवरी 2027 से 20 अप्रैल 2027 तक प्रस्तावित है. इस दौरान मकर संक्रांति से लेकर चैत्र पूर्णिमा तक कई प्रमुख स्नान पर्व पड़ेंगे. श्रद्धालुओं के लिए कुल 10 प्रमुख स्नान पर्वों की घोषणा की गई थी, जबकि बाद में देव डोली स्नान को शामिल किए जाने से आधिकारिक वेबसाइट पर 11 स्नान दिवस दर्ज हैं. इनमें चार अमृत स्नान का विशेष महत्व होगा.

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 स्नान की तारीख

हरिद्वार अर्धकुंभ में गंगा स्नान के लिए कई खास तिथियां निर्धारित की गई हैं. इन दिनों हर की पैड़ी समेत गंगा के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है. स्नान पर्वों की तारीखें इस प्रकार हैं:-

  • 14 जनवरी 2027: मकर संक्रांति (पहला स्नान)
  • 6 फरवरी 2027: मौनी अमावस्या
  • 11 फरवरी 2027: बसंत पंचमी
  • 20 फरवरी 2027: माघ पूर्णिमा
  • 6 मार्च 2027: महाशिवरात्रि (अमृत स्नान)
  • 8 मार्च 2027: फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान)
  • 15 मार्च 2027: देव डोली स्नान (अमृत स्नान)
  • 7 अप्रैल 2027: नव संवत्सर
  • 14 अप्रैल 2027: मेष संक्रांति (प्रमुख अमृत स्नान)
  • 15 अप्रैल 2027: राम नवमी
  • 20 अप्रैल 2027: चैत्र पूर्णिमा (अंतिम स्नान पर्व)

हरिद्वार में अर्धकुंभ ही क्यों कहा जा रहा है?

दरअसल, कुंभ मेले का आयोजन हरिद्वार और प्रयागराज में परंपरागत रूप से 12 साल के अंतराल पर होता है, जबकि इसके बीच छह साल के अंतर पर अर्धकुंभ आयोजित किया जाता है. हरिद्वार में पिछला पूर्ण कुंभ 2021 में हुआ था. ऐसे में 2027 का आयोजन छह साल बाद होने के कारण पारंपरिक गणना के मुताबिक अर्धकुंभ कहलाता है. हालांकि, उत्तराखंड सरकार ने इसे पूर्ण कुंभ की भव्यता और स्तर पर आयोजित करने का फैसला किया है. इस बार अखाड़ों की पेशवाई और अमृत स्नान भी आयोजन का हिस्सा होंगे.

हरिद्वार अर्धकुंभ का महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कुंभ के दौरान गंगा में स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और पापों से मुक्ति मिलती है. मान्यता है कि कुंभ के विशेष स्नान पर्वों पर गंगा में डुबकी लगाने से व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि आती है. यही वजह है कि कुंभ और अर्धकुंभ के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं और मां गंगा का आशीर्वाद लेते हैं.

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *