धमतरी में पत्नी की तीर मारकर की हत्या, पति का आरोप- शराब पीकर सो गई थी, खाना भी नहीं बनाया

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. आरोप है कि खाना नहीं बनाने की बात पर हुए विवाद के दौरान पति ने पहले पाइप से पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और फिर तीर-कमान से उस पर हमला कर दिया. इस हमले में महिला की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी खुद गांव के सरपंच के पास पहुंचा और हत्या करने की बात कबूल की. पुलिस ने आरोपी पति से पूछताछ शुरू कर दी है.
मृत महिला की पहचान सत्याबाई कमार (34) के रूप में हुई है. उसका पति राजकुमार कमार के साथ प्रेम विवाह हुआ था. दोनों के तीन बच्चे हैं. घटना केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा (कोटाभर्रीडीह) की है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, 25 नवंबर की रात राजकुमार घर लौटा तो उसकी पत्नी शराब के नशे में सो रही थी. उसने पत्नी से खाना नहीं बनाने के बारे में पूछा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी अक्सर शराब पीकर सो जाते थे. खाना नहीं बनाने को लेकर उनके बीच आए दिन कहासुनी होती थी. आरोप है कि 25 नवंबर की रात भी इसी बात पर विवाद बढ़ गया. इसके बाद राजकुमार ने गुस्से में आकर पत्नी पर हमला कर दिया.
पहले पाइप से पीटा, फिर तीर-कमान से किया हमला
आरोप है कि राजकुमार ने पहले पाइप से सत्याबाई की जमकर पिटाई की. इसके बाद उसने तीर-कमान से भी उस पर कई वार किए. हमले में महिला के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी. कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई.
वारदात के बाद आरोपी राजकुमार खुद गांव के सरपंच के पास पहुंचा. उसने कथित तौर पर सरपंच को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. इसके बाद सरपंच घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी.
शरीर पर कई जगह मिले चोट के निशान
सूचना मिलने के बाद केरेगांव पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो सत्याबाई के माथे, ठुड्डी, हाथ और पैर समेत शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर चोट के निशान मिले. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
धमतरी के एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि केरेगांव पुलिस को ग्राम बाहनापथरा में एक महिला के संदिग्ध अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में महिला की मौत को लेकर उसके पति पर संदेह सामने आया है. इसी आधार पर उससे पूछताछ की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
