News

जून तक युद्ध खत्म करना चाहता है अमेरिका, जेलेंस्की ने बताया ट्रंप का प्लान

जून तक युद्ध खत्म करना चाहता है अमेरिका, जेलेंस्की ने बताया ट्रंप का प्लान

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका ने यूक्रेन और रूस को युद्ध खत्म करने के लिए जून महीने तक का नया समय दिया है. जेलेंस्की के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन चाहता है कि रूस-यूक्रेन युद्ध समर सीजन शुरू होने से पहले खत्म हो जाए. उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देशों को अगले हफ्ते होने वाली एक और बातचीत के लिए बुलाया गया है.

जेलेंस्की ने मीडिया से बातचीत में कहा कि डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन यूक्रेन और रूस, दोनों पर दबाव बनाएगा ताकि जून तक शांति समझौता हो सके. उन्होंने कहा, अमेरिका चाहता है कि जून तक सारी प्रक्रिया पूरी हो जाए. वे युद्ध खत्म करने के लिए एक साफ समय-सीमा तय करना चाहते हैं. अगर जून तक कोई समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका दोनों पक्षों पर और ज्यादा दबाव डाल सकता है.

जेलेंस्की ने ट्रंप का वादा याद दिलाया

जेलेंस्की ने याद दिलाया कि राष्ट्रपति बनने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह 24 घंटे में युद्ध खत्म कर देंगे. बाद में उनके यूक्रेन मामलों के विशेष दूत कीथ केलॉग ने कहा था कि ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के 100 दिनों के अंदर समझौता हो सकता है. लेकिन यह लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया. इसके बाद अमेरिका ने पिछले साल अगस्त में एक नई समय-सीमा तय की थी, लेकिन वह भी बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई. दिसंबर में ट्रंप ने दावा किया था कि शांति समझौते का ड्राफ्ट लगभग 95% तैयार है, फिर भी युद्ध जारी रहा.

अबू धाबी की बैठक भी बेनतीजा रही

इस हफ्ते अमेरिका की अगुवाई में अबू धाबी में दो दिनों तक शांति वार्ता हुई. इन बैठकों से कोई बड़ा नतीजा तो नहीं निकला, लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख किरिलो बुडानोव ने कहा कि ये त्रिपक्षीय बातचीत सकारात्मक रही.

जेलेंस्की ने शनिवार को बताया कि ट्रंप प्रशासन अब अगली शांति वार्ता अमेरिका में कराने का प्रस्ताव दे रहा है. यह बैठक अगले हफ्ते मियामी में हो सकती है. वह इसमे शामिल होने अमेरिका जाएंगे. जेलेंस्की ने यह भी संकेत दिया कि जून की समयसीमा ट्रंप के मिडटर्म इलेक्शन कैंपेन से जुड़ी हो सकती है. उन्होंने कहा कि मिडटर्म चुनाव अमेरिका के लिए बहुत अहम हैं, हमें इसे समझना चाहिए. अगर रूस सच में युद्ध खत्म करना चाहता है, तो एक तय समयसीमा होना बहुत जरूरी है.

ये भी पढ़ें: बांग्लादेश में हिंदू नेता की जेल में मौत,चुनाव से पहले कस्टडी डेथ पर सवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *