News

KV Admission: केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन के लिए जल्द शुरू होगा प्रोसेस, ये डॉक्यूमेंट अभी से रखें तैयार

KV Admission: केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन के लिए जल्द शुरू होगा प्रोसेस, ये डॉक्यूमेंट अभी से रखें तैयार

नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है. केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) मार्च 2026 में एडमिशन से जुड़ी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर सकता है. ऐसे में जिन अभिभावकों को अपने बच्चों का एडमिशन केंद्रीय विद्यालय में कराना है, उन्हें अभी से जरूरी डॉक्यूमेंट्स तैयार रखने चाहिए. आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही सही डॉक्यूमेंट्स होने से फॉर्म भरना आसान हो जाता है और किसी तरह की परेशानी नहीं होती.

आमतौर पर कक्षा 1 के लिए ऑनलाइन आवेदन लिया जाता है, जबकि अन्य कक्षाओं में प्रवेश ऑफलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है. आइए जानते हैं प्रवेश प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी अहम जानकारी.

मार्च में शुरू हो सकती है प्रवेश प्रक्रिया

केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एडमिशन शेड्यूल मार्च 2026 में जारी होने की संभावना है. अधिसूचना जारी होने के बाद अभिभावक अपने बच्चों के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकेंगे. एडमिशन से जुड़ी पूरी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर उपलब्ध कराई जाएगी.

पिछले साल कब शुरू हुई थी प्रक्रिया?

पिछले वर्ष केंद्रीय विद्यालयों में एडमिशन के लिए सूचना 5 मार्च को जारी की गई थी. इसके बाद आवेदन की प्रक्रिया 7 मार्च से शुरू होकर 21 मार्च 2025 तक चली थी. इसी आधार पर माना जा रहा है कि 2026-27 सत्र के लिए भी आवेदन इसी अवधि के आसपास शुरू हो सकते हैं.

किस कक्षा में कैसे होता है एडमिशन?

केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा 1 में प्रवेश पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से होता है. इसमें चयन लॉटरी सिस्टम और प्राथमिकता श्रेणी के आधार पर किया जाता है. वहीं कक्षा 2 से 12वीं (कक्षा 11 को छोड़कर) तक प्रवेश ऑफलाइन तरीके से होता है. कक्षा 2 से 8 तक छात्रों का चयन प्राथमिकता श्रेणी और ऑफलाइन लॉटरी प्रणाली से किया जाता है. इन कक्षाओं के लिए किसी प्रकार की परीक्षा या टेस्ट नहीं लिया जाता.

केंद्रीय विद्यालयों की संख्या

केंद्रीय विद्यालय संगठन के देशभर में लगभग 1,248 विद्यालय हैं. इसके अलावा विदेशों में भी तीन केंद्रीय विद्यालय संचालित होते हैं, जो मॉस्को, तेहरान और काठमांडू में स्थित हैं.

एडमिशन के लिए जरूरी दस्तावेज

केंद्रीय विद्यालय में आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होती है. इनमें मुख्य रूप से जन्म प्रमाण पत्र या जन्मतिथि का प्रमाण, बच्चे की पासपोर्ट साइज फोटो, बच्चे और माता-पिता का आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, एससी/एसटी/ओबीसी प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस या बीपीएल प्रमाण पत्र शामिल हैं. इसके अलावा सिंगल गर्ल चाइल्ड होने पर हलफनामा, कर्मचारी सेवा प्रमाण पत्र और दादा-दादी के साथ माता-पिता के संबंध का प्रमाण भी मांगा जा सकता है.

एडमिशन प्रक्रिया ऐसे पूरी करें

सबसे पहले केंद्रीय विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भरना होगा. इसके बाद चयन लिस्ट जारी की जाएगी. अगर छात्र का नाम लिस्ट में आता है तो संबंधित विद्यालय में जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. अंतिम चरण में फीस जमा करने के बाद छात्र की पढ़ाई शुरू हो जाएगी. ध्यान देने वाली बात यह है कि केंद्रीय विद्यालयों में ऑनलाइन आवेदन करने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *