CSK का सबसे सफल बल्लेबाज हो सकता है IPL 2026 से बाहर, इस इंजरी के चलते सता रहा डर

IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मुसीबतें कम होने का नाम ही नहीं ले रहीं. वो हर मैच के साथ बढ़ती दिख रही हैं. 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले मुकाबले के बाद अब टीम के सबसे सफल बल्लेबाज पर बाहर होने की तलवार लटकती दिख रही है. हम बात कर रहे हैं आयुष म्हात्रे की, जिन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी ने जकड़ लिया है. आयुष म्हात्रे की चोट कितनी गंभीर है, फिलहाल उस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता. टीम के बैटिंग कोच माइक हसी ने म्हात्रे की इंजरी को लेकर संकेत दिए कि बड़ा झटका लग सकता है.
आयुष म्हात्रे को कब हुई हैमस्ट्रिंग इंजरी?
आयुष म्हात्रे को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी चेन्नई सुपर किंग्स की पारी के 5वें ओवर के दौरान दूसरी गेंद पर हुई. इस गेंद पर दूसरा रन लेने के दौरान उनकी हैमस्ट्रिंग खींच गई. वो भागते-भागते नॉन-स्ट्राइकर एंड पर पहुंच तो गए मगर उसके बाद जमीन पर बैठ गए, जिसके बाद टीम के फीजियो को आना पड़ा. फीजियो की जांच के बाद उन्होंने बाहर ना जाकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया मगर 2 गेंदों बाद ही उनका विकेट गिर गया.