News

गोलियों की गूंज से दहला हाजीपुर… बाइक पर आए बादमाशों ने BJP नेता के घर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में फैली दहशत

गोलियों की गूंज से दहला हाजीपुर… बाइक पर आए बादमाशों ने BJP नेता के घर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में फैली दहशत

Hajipur Firing: बिहार के हाजीपुर जिले में बाइक सवार बदमाशों ने हिंदू पुत्र संगठन के संरक्षक और भाजयुमो के जिलाध्यक्ष राजीव ब्राह्मर्षि के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. ये घटना जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत अदलपुर में हुई. गोलीबारी से क्षेत्र में दहशत फैल गई. गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ. घर के मुख्य गेट, खिड़की और बेडरूम में गोलियों के निशान मिले हैं.

घटना शनिवार की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार शनिवार रात एक बाइक पर सवार दो बदमाश राजीव ब्राह्मर्षि के घर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. स्थानीय लोगों के मुताबिक बदमाशों ने करीब 10 राउंड से अधिक गोलियां चलाईं. गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा. आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.

थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे औj की छानबीन

सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से 10 खोखे बरामद किए हैं. घटना की सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा भी खुद मौके पर पहुंचे. शुभांक मिश्रा ने थानाध्यक्ष को जल्द बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी का निर्देश दिया. घटना CCTV में कैद हो गई है.

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद बदमाशों के भागने की दिशा में छापेमारी कर रही है. एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि सदर थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 6 में राजीव ब्रह्मर्षि जो हिंदू संगठन के कार्यकर्ता हैं, उनके घर पर लगभग 10 राउंड फायरिंग की सूचना मिली है. घटना के बाद 10 खोखे बरामद हुए हैं. FSL और टेक्निकल टीम जांच पड़ताल कर रही है.

फायरिंग की वजह अभी साफ नहीं

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी से पता चल रहा है कि घटना शनिवार रात करीब 9 बजकर 19 मिनट के आसपास की है. फुटेज जब्त कर लिया गया है. प्रथम दृष्टया एक ही बाइक पर दो या तीन लोगों के होने की संभावना है. फायरिंग की वजह को लेकर एसएसपी ने कहा कि अभी कारण स्पष्ट नहीं है. पीड़ित से किसी से रंजिश या जमीन विवाद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने भी अनभिज्ञता जताई है.

उन्होंने बताया कि मारुति मंदिर को लेकर छोटे विवाद की सूचना मिली थी, लेकिन प्रथम दृष्टया इतना बड़ा विवाद नहीं है, जिसके लिए इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया जाए. बता दें कि राजीव ब्राह्मर्षि स्थानीय लोगों के सहयोग से लगातार धार्मिक कार्यों से जुड़े हुए हैं और मंदिर निर्माण में सक्रिय हैं.

ये भी पढ़ें: चलती ट्रेन की इमरजेंसी विंडो से नीचे गिरा 9 महीने का मासूम, दर्दनाक मौत, सदमे में माता-पिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *