‘लेजर से होगा खतना…’ पर डॉक्टर ने सर्जरी में कर दिया ‘धोखा’, दिल की बीमारी से जूझ रहे बच्चे की बिगड़ी तबीयत

‘डॉक्टर ने भरोसा दिया था कि बच्चे का खतना लेजर विधि से किया जाएगा, लेकिन हमारे साथ धोखा हुआ. बच्चे की सामान्य तरीके से सर्जरी कर दी गई. अब उसकी हालत बिगड़ गई है और वह तेज दर्द से तड़प रहा है…’ यह कहना है बेंगलुरु के एक परिवार का है. अब परिवार आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है.
इस मामले में बच्चे के पिता ने फ्रेजर टाउन स्थित न्यू होप सेक्सोलॉजिस्ट एंड इनफर्टिलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर रियाज के खिलाफ पुलकेशीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इंस्टाग्राम पर देखा था वीडियो
यह मामला चिकमगलूर के रहने वाले तबरेज खान और गफ्फार के 12 वर्षीय बेटे से जुड़ा है. बच्चा बचपन से ही दिल की बीमारी से पीड़ित है. जब वह महज तीन महीने का था, तब उसकी हार्ट सर्जरी भी हुई थी. इसी वजह से परिवार ने अब तक उसकी खतना नहीं कराई थी.
हाल ही में बच्चे के पिता तबरेज खान ने इंस्टाग्राम पर लेजर खतना से जुड़ी जानकारी देखी. उन्हें लगा कि इस तकनीक के जरिए बेटे की खतना कम दर्द के साथ कराई जा सकती है. इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु के डॉक्टर रियाज से संपर्क किया.
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने उनकी मांग के अनुसार बच्चे की लेजर खतना करने का भरोसा दिया था. इसी विश्वास के आधार पर वे बच्चे को लेकर बेंगलुरु पहुंचे.
19 हजार रुपये लेने के बाद सामान्य सर्जरी करने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, शनिवार, 10 अक्टूबर को वे बच्चे को लेकर चिकमगलूर से बेंगलुरु आए थे. सर्जरी से पहले उनसे 19 हजार रुपये लिए गए. पिता का आरोप है कि पैसे लेने और लेजर खतना का भरोसा देने के बावजूद डॉक्टर ने बच्चे की सामान्य सर्जरी कर दी.
परिवार का कहना है कि सर्जरी के बाद बच्चा तेज दर्द से परेशान होने लगा. उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति पर भी असर पड़ने की शिकायत की गई है. बच्चे की पहले से मौजूद हृदय संबंधी बीमारी को देखते हुए परिवार की चिंता और बढ़ गई.
हालत बिगड़ने पर बौरिंग अस्पताल में कराया इलाज
बच्चे की हालत में परेशानी सामने आने के बाद पिता उसे आगे के इलाज के लिए बेंगलुरु के बौरिंग अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां बच्चे को अतिरिक्त चिकित्सा सहायता दिलाई गई.
घटना के बाद पिता तबरेज खान ने डॉक्टर रियाज के खिलाफ पुलकेशीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में लेजर खतना का भरोसा देकर सामान्य सर्जरी करने और इसके लिए पैसे लेने का आरोप लगाया गया है.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. सर्जरी किस तरीके से की गई, परिजनों को क्या जानकारी दी गई थी और इलाज के दौरान किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इन पहलुओं की जांच की जानी है. डॉक्टर पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.
