News

शूटरों तक कैसे पहुंची? टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग में इस्तेमाल की गई पीली पल्सर की कहानी

शूटरों तक कैसे पहुंची? टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग में इस्तेमाल की गई पीली पल्सर की कहानी

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक पुलिस ने अंधेरी रेलवे स्टेशन से बरामद कर ली है. इसी बाइक पर सवार होकर हमलावर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे. अब पुलिस बाइक के मालिकों से पूछताछ कर रही है. इस बाइक को अब तक तीन बार बेचा जा चुका है. पुलिस ने सबसे पहले जोगेश्वरी इलाके में रहने वाले बाइक के पूर्व मालिक से पूछताछ की.

मालिक ने बताया कि उसने बाइक किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी थी. इसके बाद पुलिस ने दूसरे मालिक से पूछताछ की, तो उसने भी बाइक किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की बात कही.

पुलिस पूर्व मालिकों से कर रही है पूछताछ

वहीं, तीसरे मालिक ने पुलिस को बताया कि उसने ये बाइक शूटरों को बेची थी, लेकिन बाइक के कागजात पर नाम ट्रांसफर नहीं हुआ था. इसी वजह से अब शूटरों के बारे में जानकारी जुटाने में पुलिस को परेशानी हो रही है. फिलहाल, वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद हो चुकी है. पुलिस लगातार बाइक के पूर्व मालिकों से पूछताछ कर रही है. जांच के जरिए हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

सीएम फडणवीस ने क्या कहा?

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी के संबंध में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “मैंने टाइगर श्रॉफ को भरोसा दिलाया है कि उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. हम इसके लिए जिम्मेदार लोगों को ढूंढ निकालेंगे और पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे.”

‘गनीमत रही कि वो सुरक्षित बच गए’

मुंबई के जुहू इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के बाद, रविवार रात महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से उनके घर पर मुलाकात की. उन्होंने एक्टर और उनके परिवार को राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. मुलाकात की तस्वीरों में श्रॉफ के हाथ पर पट्टी बंधी दिखी और उनके कंधे तथा छाती पर भी मरहम-पट्टी लगी हुई थी.

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, ये एक बड़ी घटना है… पांच राउंड फायरिंग हुई, लेकिन गनीमत रही कि वह सुरक्षित बच गए. उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं और ये घटना निंदनीय है. मैंने अभिनेता से मुलाकात की. उनके बाएं हाथ पर बारूद और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं. वो और उनकी मां, दोनों ही काफी सदमे में हैं.”

‘किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी’

डिप्टी सीएम ने कहा, “मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि सार्वजनिक हस्तियों को मिल रही खुली धमकियों के मामले में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है. किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.”

रविवार शाम को जब श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तब फायरिंग की खबरें सामने आईं. इसके बाद शिंदे ने अभिनेता से मिलकर उनका हाल-चाल जाना.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *