‘घरवालों से पूछ लो, हम पति-पत्नी हैं…’ गिड़गिड़ाता रहा कपल, भीड़ बरसाती रही डंडे, समस्तीपुर से फिर एक Video वायरल

Samastipur Crime News: जमुई और समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम की घटना का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि समस्तीपुर जिले से एक और वीडियो वायरल हुआ है. ये दूसरी घटना मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाट बसेपुरा गांव के पास की बताई जा रही है. यहां सुनसान रास्ते से अपनी गाड़ी पर सवार होकर कहीं जा रहे एक पति-पत्नी को ग्रामीणों ने जबरन रोक लिया और शक के आधार पर उनके साथ जमकर मारपीट और गाली-गलौज की.
वायरल वीडियो में साफ दिखाई और सुनाई दिया कि काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा होकर दंपति को घेरे हुए हैं. भीड़ में से जो भी आ रहा है, वो गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर रहा है . कोई छाते से पिटाई कर रहा है तो कोई महिला के साथ बदसलूकी कर रहा है. पीड़ित महिला हाथ जोड़कर लोगों से मदद की गुहार लगाती रही, गिड़गिड़ाती रही और परिजनों को बुलाने की बात कहती रही, लेकिन उग्र भीड़ को उस पर जरा भी तरस नहीं आया.
भीड़ में शामिल लोग जबरन परिजन को बुलाने की जिद्द पर अड़े रहे और लगातार दुर्व्यवहार करते रहे. किसी शख्स ने इस पूरी हैवानियत का वीडियो अपने मोबाइल में बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना का वीडियो विचलित करने वाला है. इस वजह से हम वीडियो को अपलोड नहीं कर रहे.
महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल, राजनीतिक घमासान तेज
इस घटना के सामने आने के बाद जिले के अभिभावकों और आम लोगों में बेटियों व महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भारी दहशत और आक्रोश व्याप्त है. हाल ही में कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र से भी इसी तरह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जमुई, मुजफ्फरपुर और मधेपुरा के बाद समस्तीपुर में लगातार दूसरी बार घटी इस तरह की घटना से पुलिस-प्रशासन के साथ-साथ सरकार की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और सियासत भी तेज हो गई है. भाकपा माले के जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह और एपवा की जिला अध्यक्ष वंदना सिंह ने पुलिस-प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राज्य में बेटियों की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है . पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है और वह सिर्फ गाड़ियों की चेकिंग और वसूली में व्यस्त है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो वे सड़क से लेकर संसद तक उग्र आंदोलन करेंगे.
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस, जांच जारी
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए मुसरीघरारी थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया- वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस को मिली है. पुलिस बल को मौके पर भेजा गया है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. हालांकि, अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से मामले की गहन जांच कर रही है. वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और पुलिस कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए तत्पर है.
