News

चीन का ‘वॉटर ड्रैगन’ देख दुनिया हैरान! 2 सेकंड में आसमान से बुझाएगा जंगल की आग

चीन का ‘वॉटर ड्रैगन’ देख दुनिया हैरान! 2 सेकंड में आसमान से बुझाएगा जंगल की आग

चीन ने जंगलों में लगने वाली भीषण आग से निपटने के लिए अपनी नई तकनीक की ताकत दिखाई है. चीन के स्वदेशी विमान AG600 कुनलुंग ने महज 2 सेकंड में 12 टन पानी गिराकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है. यह विमान एक बार में इतना पानी लेकर उड़ सकता है, जितना पानी एक बड़े अग्निशमन अभियान में बेहद काम आ सकता है. खास बात यह है कि यह विमान जमीन पर बने रनवे के साथ-साथ पानी की सतह से भी उड़ान भर सकता है और पानी में उतर सकता है.

चीन का AG600 कुनलुंग दुनिया के बड़े जल और थल दोनों जगह इस्तेमाल होने वाले विमानों में शामिल है. इसकी लंबाई करीब 38.9 मीटर और पंखों का फैलाव करीब 38.8 मीटर है. इसका अधिकतम उड़ान भरने का वजन करीब 60 टन है. इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि ये एक बार में 12 हजार लीटर पानी ले जाने की क्षमता रखता है. यह विमान किसी झील या जलाशय की सतह पर कम ऊंचाई से उड़ते हुए महज 20 सेकंड में 12 टन पानी भर सकता है. इसके बाद आग प्रभावित इलाके में पहुंचकर सिर्फ 2 सेकंड में पूरा पानी गिरा सकता है.

महज 2 सेकंड में 12 टन पानी गिराया

चीन में 9 नवंबर को चोंगकिंग में आयोजित बड़े अग्निशमन अभ्यास के दौरान AG600 के दो विमानों ने हिस्सा लिया. एक विमान ने पानी की सतह से पानी भरा, जबकि दूसरे विमान ने जमीन पर पानी भरकर उड़ान भरी. अभ्यास के दौरान एक AG600 ने अपने चार टैंकों के आठ दरवाजे एक साथ खोलकर महज 2 सेकंड में 12 टन पानी गिराया. इससे करीब 40 मीटर चौड़ी और 300 मीटर लंबी पानी की बौछार बनी, जिसने 12 हजार वर्ग मीटर से ज्यादा क्षेत्र को कवर किया.

उड़ान सीमा करीब 4,500 किलोमीटर है

इसके जरिए आग के बड़े हिस्से पर पानी गिराने और आग की लपटों को आगे बढ़ने से रोकने की क्षमता का प्रदर्शन किया गया. AG600 की खासियत सिर्फ जंगलों की आग बुझाने तक सीमित नहीं है. इसे समुद्र में फंसे लोगों को बचाने, राहत अभियान चलाने और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मदद पहुंचाने के लिए भी तैयार किया गया है. पानी की सतह से सीधे पानी भरने की क्षमता इसे इस तरह के अभियानों के लिए खास बनाती है. इसकी अधिकतम व्यावहारिक उड़ान सीमा करीब 4,500 किलोमीटर बताई गई है.

AG600 कुनलुंग की क्षमता

क्या होता है बांबी बकेट?

भारत में भी जब जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं, तो भारतीय वायुसेना Mi-17 V5 हेलीकॉप्टरों के जरिए बांबी बकेट (Bambi Bucket) का इस्तेमाल करती है. यह एक खास बाल्टी होती है, जिसे हेलीकॉप्टर के नीचे लगाया जाता है. इसके जरिए झील या जलाशय से पानी भरकर आग प्रभावित जंगलों में गिराया जाता है. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के कसौली में मई 2026 में जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान हर उड़ान में करीब 2 हजार से 2,500 लीटर पानी गिराया गया.

भारतीय वायुसेना का अभियान

इस पूरे अभियान में 93 हजार लीटर से ज्यादा पानी का छिड़काव किया गया. वहीं अरुणाचल प्रदेश के वालोंग में भारतीय वायुसेना ने अलग-अलग उड़ानों के दौरान कुल 1 लाख 39 हजार 800 लीटर पानी गिराया था. पानी गिराने की क्षमता के लिहाज से चीन के AG600 और भारत में इस्तेमाल होने वाली बांबी बकेट के आंकड़ों में अंतर भी देखने को मिलता है. कसौली अभियान में भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने हर उड़ान में करीब 2 हजार से 2,500 लीटर पानी गिराया था, जबकि चीन का AG600 एक बार में 12 हजार लीटर पानी ले जा सकता है.

AG600 की क्षमता कई गुना ज्यादा है

इसका मतलब ये है कि पानी की मात्रा के लिहाज से AG600 की क्षमता करीब 4.8 से 6 गुना अधिक है. विशाखापत्तनम में 2014 में इस्तेमाल किए गए बांबी बकेट की क्षमता 3,500 लीटर थी. इस क्षमता के मुकाबले भी AG600 करीब 3.4 गुना अधिक पानी ले जा सकता है. चीन का AG600 कुनलुंग इस तरह जंगलों की आग से निपटने के लिए विकसित आधुनिक विमान तकनीक का एक बड़ा उदाहरण है. एक बार में 12 टन पानी ले जाने, महज 20 सेकंड में जलाशय से पानी भरने और 2 सेकंड में पानी गिराने की इसकी क्षमता इसे चीन के आपदा प्रबंधन तंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *