News

दुबई की सड़कों पर भारतीय नारी का जलवा! साड़ी पहनकर 10 KM दौड़ीं, साइकिल भी चलाई, वीडियो देखकर आप भी करेंगे सलाम

दुबई की सड़कों पर भारतीय नारी का जलवा! साड़ी पहनकर 10 KM दौड़ीं, साइकिल भी चलाई, वीडियो देखकर आप भी करेंगे सलाम

दुबई की सबसे मशहूर सड़क शेख जायद रोड का एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में एक भारतीय महिला लाल साड़ी, हरी ब्लाउज और बालों में सफेद गजरा लगाकर दौड़ रही हैं. पहले तो लोग हैरान रह गए, फिर जब पता चला कि उन्होंने साड़ी पहनकर ही पूरे 10 किलोमीटर दौड़ लगाई है, तो सबने उनको सलाम किया. इनका नाम है कंचना नायर.

कौन हैं कंचना नायर?

कंचना केरल की रहने वाली हैं और पिछले 14 साल से दुबई में रह रही हैं. पहले वो नौकरी करती थीं, लेकिन 2 साल पहले उन्होंने अजमान में अपनी खुद की रियल एस्टेट कंपनी शुरू की. दौड़ना उनका पुराना शौक है. वो कई साल से रनिंग कर रही हैं, हाफ मैराथन भी कर चुकी हैं. ये उनका 5वां दुबई रन था.

पहले साइकिल, फिर दौड़…दोनों में साड़ी!

ये कोई एक दिन का काम नहीं था. कंचना ने इस बार दो कमाल किए हैं. 1 नवंबर को केरल के स्थापना दिवस यानी केरल पिरावी के मौके पर उन्होंने ‘दुबई राइड’ इवेंट में हिस्सा लिया और केरल साड़ी पहनकर साइकिल चलाई.

सबसे मजेदार बात ये है कि उनके पास साइकिल ही नहीं थी. उन्होंने इवेंट से एक रात पहले ही गुलाबी रंग की साइकिल खरीदी थी. साल 2000 में स्कूल के बाद उन्होंने कभी साइकिल नहीं चलाई थी. उन्होंने बिल्डिंग के अंदर ही साड़ी पहनकर थोड़ी प्रैक्टिस की और अगले दिन शेख जायद रोड पर साइकिल चला दी. उनका ये वीडियो 4.3 लाख से ज्यादा बार देखा गया.

यहां देखिए वायरल वीडियो

22 नवंबर को उन्होंने ‘दुबई रन 2026’ में हिस्सा लिया. इस बार उन्होंने लाल साड़ी चुनी, क्योंकि ये UAE के झंडे के रंगों से मिलती-जुलती थी. उनका कहना था- मैं UAE को उसके 55वें नेशनल डे से पहले ट्रिब्यूट देना चाहती थी. UAE मेरा दूसरा घर है, इसने मुझे मौके, हिम्मत और ढेर सारी यादें दी हैं.

क्यों वायरल हो रहा है ये वीडियो?

दुबई रन में इस बार 3.1 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए थे. 5 KM वाला रूट तो आसान था, लेकिन कंचना ने जानबूझकर मुश्किल वाला 10 KM वाला रूट चुना और उसे दौड़कर पूरा किया. उनका वीडियो अब तक 5 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. लोग रुक-रुककर उनके साथ फोटो खिंचवा रहे थे.

इस वीडियो को देखने के बाद लोग हैरान होकर कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, साड़ी में भी कोई इतना फिट हो सकता है? दूसरे ने कहा, यही है असली भारतीय नारी का जलवा. एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, साड़ी को अक्सर लोग भारी और मुश्किल समझते हैं, लेकिन कंचना ने बता दिया कि साड़ी पहनकर भी दुनिया की किसी भी सड़क पर दौड़ा जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *