न्यूजीलैंड दौरे के लिए नहीं चुने जाने के बाद मोहम्मद शमी रणजी टीम से भी बाहर, बंगाल की प्लेइंग XI में जगह नहीं

रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड के मुकाबले शुरू हो चुके हैं, जहां बंगाल की टीम का मुकाबला सर्विसेज से हो रहा है. लेकिन, इस मुकाबले के लिए बंगाल ने जब अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया तो उसमें से मोहम्मद शमी का नाम गायब दिखा. सवाल है क्यों? आखिर क्या वजह रही कि पहले रणजी मुकाबले में बंगाल के लिए 5 विकेट लेने वाले शमी को दूसरे मुकाबले से बाहर कर दिया गया? क्या इसके तार न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टीम में भी उन्हें जगह नहीं मिलने से जुड़े है?
शमी क्यों हुए बाहर?
शमी को बंगाल की प्लेइंग इलेवन से क्यों बाहर किया गया, उसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. लेकिन, ऐसी आशंका है कि उन्हें इंजरी हुई है, जिस वजह से उन्हें बाहर रखा गया है. रिपोर्ट के मुताबिक वो बंगाल और सर्विसेज मैच के टॉस से पहले मैदान के बाहर टीम के फीजियो के साथ जाते देखे गए थे. अब इससे तो यही जाहिर होता है कि उनके बंगाल की प्लेइंग इलेवन से बाहर होने का न्यूजीलैंड दौरे के लिए नहीं चुने जाने से कोई लेना देना नहीं.
