बिसलेरी का पानी कितना सुरक्षित? FSSAI की जांच में क्या मिला?
देश के बड़े पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी के पानी की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं. FSSAI ने कंपनी के एक पानी के सैंपल को असुरक्षित घोषित किया है. जांच में ब्रोमेट और पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी PAHs से जुड़े मानकों पर चिंता सामने आई. इसके बाद नियामक ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनी दोषी साबित हो चुकी है. बिसलेरी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि मामला गोवा प्लांट के सितंबर 2025 के एक बैच से जुड़ा है और उसका पानी सुरक्षित है.
