पिछले 5 सालों में सिर्फ एक फ्लॉप, 2,222 करोड़ की कमाई, रामायण से पहले ही रणबीर कपूर बॉक्स ऑफिस पर हैं मालामाल

बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर ने इंडस्ट्री में अब तक सक्सेसफुल करियर प्ले किया है. उन्हें फिल्में करते हुए 2 दशक का समय हो चुका है लेकिन उनके बारे में कहा जा सकता है कि कभी भी उनका बुरा दौर नहीं आया. उनकी फिल्में हमेशा से ही अच्छी कमाई करने में सफल रहीं और उनकी एक्टिंग को भी पसंद किया गया. रणबीर ने अपने करियर में रोमांटिक से लेकर एक्शन फिल्में तक की हैं. लेकिन अब वे एक बड़ा चैलेंज निभाने जा रहे हैं. एक्टर अब रामायण फिल्म में भगवान राम का रोल प्ले करने को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म से उनके ग्लिम्प्स भी खूब वायरल हो रहे हैं.
4000 करोड़ में बन रही रामायण फिल्म से काफी अच्छे कलेक्शन की उम्मीद लगाई जा रही है. लेकिन रणबीर कपूर तो रामायण फिल्म की रिलीज के पहले ही मालामाल हैं और बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं. आइए जानते हैं कि बॉलीवुड एक्टर की पिछली 5 फिल्मों ने कितनी कमाई की है.
रणबीर कपूर की पिछली 5 फिल्मों का कलेक्शन
साल 2018 से देखा जाए तो पिछले 8 सालों में रणबीर कपूर की 5 फिल्में रिलीज हुई हैं. इन 5 फिल्मों में से सिर्फ एक फिल्म ही फ्लॉप रही है. उनकी बाकी फिल्में हिट रही हैं. इसमें सबसे पहले संजू फिल्म का नाम आता है. ये संजय दत्त की बायोपिक फिल्म थी और ये एक्टिंग के लिहाज से रणबीर कपूर के करियर की सबसे बड़ी फिल्म मानी जाती है. वहीं ये उनकी पहली 500 करोड़ी फिल्म भी थी. इस फिल्म के बाद नंबर आता है शम्शेरा का. ये फिल्म 150 करोड़ के बजट के मुकाबले 63 करोड़ का कलेक्शन की थी और फ्लॉप रही थी. वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी ब्रह्मास्त्र फिल्म का बजट 350 करोड़ रुपये का था और ये फिल्म 431 करोड़ का कलेक्शन कर के एवरेज रही थी.
ब्रह्मास्त्र के बाद रणबीर कपूर की फिल्म तू झूठी मैं मक्कार सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इस फिल्म ने 220 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था और हिट रही थी. लेकिन रणबीर की पिछली फिल्म उनके एक्टिंग और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के लिहाज से उनके अब तक के करियर की सबसे सफल फिल्म साबित हुई. ये फिल्म थी संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी फिल्म एनिमल. इस फिल्म ने दुनियाभर में 920 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. फिल्म ने भारी विरोध के बाद भी दुनियाभर में खूब नोट छापीं लेकिन अफसोस कि 1000 करोड़ के कलेक्शन से चूक गई. इसे अगर जोड़ लिया जाए तो रणबीर कपूर की पिछली 5 फिल्मों ने 2220 करोड़ के आसपास कमाए हैं जो एक बड़ी रकम है.
ये भी पढ़ें- Haiwaan Trailer: कब आएगा हैवान का ट्रेलर? अक्षय कुमार ने बता दिया, सैफ अली खान भी दिखेंगे साथ
किन प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं रणबीर कपूर?
फिलहाल रणबीर कपूर रामायण फिल्म को लेकर चर्चा में हैं जिसका निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं. ये फिल्म दो पार्ट्स में रिलीज की जाएगी. फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 में आएगा जबकी इसका दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में आएगा. फिल्म से अच्छे-खासे कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है. रणबीर कपूर की बात करें तो इस फिल्म के अलावा वे लव एंड वार नाम की मूवी में भी नजर आएंगे.
