News

बिहार: सीतामढ़ी में आंधी-बारिश का कहर, झोपड़ी पर गिरा पीपल का पेड़, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

बिहार: सीतामढ़ी में आंधी-बारिश का कहर, झोपड़ी पर गिरा पीपल का पेड़, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

Sitamarhi news: बिहार के सीतामढ़ी जिले में आंधी-बारिश ने काफी कहर बरपाया है. कहीं पेड़ गिर गए तो कहीं लोगों की घरों के छत उड़ गए. रीगा थाना क्षेत्र के धनुषी टोला में देर रात एक पीपल का पेड़ झोपड़ी पर गिर गया. इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

धनुषी टोला निवासी सिकंदर सहनी का परिवार रोज की तरह रात का भोजन करने के बाद अपने घर में सो रहा था. इसी दौरान इलाके में तेज आंधी चलने लगी और बारिश भी होने लगी. खराब मौसम के कारण वर्षों पुराना एक विशाल पीपल का पेड़ जड़ समेत उखड़ गया और सीधे उनके फूसनुमा मकान पर आ गिरा. पेड़ गिरते ही घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके अंदर सो रहे लोग मलबे और पेड़ के नीचे दब गए.

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

हादसा इतना भयावह था कि परिवार के सदस्यों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. पेड़ के नीचे दबने से सिकंदर सहनी की पत्नी तथा उनके चार मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.

घटना के बाद घर से उठ रही चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पेड़ और मलबे को हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक पांच लोगों की जान जा चुकी थी. हादसे की सूचना मिलते ही रीगा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए.

शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है. अधिकारियों ने प्रभावित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.

इस घटना से पूरे धनुषी टोला गांव में शोक का माहौल है. एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से ग्रामीण हैरान हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में इतना दर्दनाक हादसा पहले कभी नहीं देखा. आंधी-बारिश के बीच हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *