News

बॉक्स ऑफिस पर दीं कई HIT, फिर भी गोविंदा-करिश्मा कपूर की सुपरहिट जोड़ी क्यों टूटी? को-स्टार ने सालों बाद खोला राज

बॉक्स ऑफिस पर दीं कई HIT, फिर भी गोविंदा-करिश्मा कपूर की सुपरहिट जोड़ी क्यों टूटी? को-स्टार ने सालों बाद खोला राज

Govinda and Karishma Kapoor Movies: 90 के दशक में गोविंदा और करिश्मा कपूर की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे हिट ऑनस्क्रीन जोड़ियों में गिनी जाती थी. दोनों ने साथ मिलकर राजा बाबू, कुली नंबर 1, हीरो नंबर 1, साजन चले ससुराल और हसीना मान जाएगी जैसी कई सुपरहिट फिल्में दीं. उनकी शानदार केमिस्ट्री और कॉमिक टाइमिंग को लोगों ने खूब पसंद किया. लेकिन लगातार कई ब्लॉकबस्टर देने के बाद दोनों ने अचानक साथ काम करना बंद कर दिया था. अब इस पर ‘हीरो नंबर 1’ में उनके साथ काम कर चुकीं दिग्गज एक्ट्रेस शगुफ्ता अली ने अपनी राय रखी.

दिग्गज एक्ट्रेस शगुफ्ता अली ने हालिया बातचीत में बताया कि कई ब्लॉकबस्टर फिल्में करने के बाद गोविंदा और करिश्मा कपूर ने साथ काम करना क्यों बंद कर दिया. उन्होंने करिश्मा को ‘बहुत ज्यादा महत्वाकांक्षी’ बताते हुए कहा कि मेहनती होने के बावजूद एक्ट्रेस में ‘काफी एटीट्यूड’ था. साथ ही, अगुफ्ता अली ने करिश्मा कपूर के साथ काम करने के अपने एक्सपीरियंस को भी याद किया.

क्यों टूटी सुपरहिट जोड़ी?

एक हालिया बातचीत में शगुफ्ता अली से पूछा गया कि आखिर गोविंदा और करिश्मा कपूर की सुपरहिट जोड़ी क्यों टूट गई. इस पर उन्होंने कहा, “इंटरेस्ट खत्म हो गया होगा. प्यार-मोहब्बत खत्म हो गई होगी. हीरोइनों के मूड का भी क्या भरोसा है. और बहुत ज्यादा महत्वाकांक्षी होना भी अच्छा नहीं है. करिश्मा ओवर-एम्बिशियस थीं. वो बहुत मेहनती थीं, लेकिन एटीट्यूड भी बहुत ज्यादा था.”

करिश्मा कपूर में था एटीट्यूड?

इसके बाद शगुफ्ता अली ने ये भी बताया कि वो ‘एटीट्यूड’ से क्या मतलब निकालती हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी फिल्म के सेट पर कलाकार का बर्ताव और काम करने का तरीका बहुत मायने रखता है. उन्होंने कहा, “आप सेट पर किस एटीट्यूड के साथ आते हैं और कैसे बिहेव करते हैं, इससे फर्क पड़ता है. अगर कोई आपका को-एक्टर है तो दोनों के बीच गिव एंड टेक होना चाहिए.”

शगुफ्ता ने आगे कहा, “चाहे आप साथ में कोई सीन कर रहे हों या इंटरव्यू दे रहे हों, दोनों लोगों को बराबर मौका मिलना चाहिए. इसका असर हमारी परफॉर्मेंस पर भी पड़ता है. अगर मैं सेट पर सामने वाले को क्यू देने के लिए मौजूद हूं, तो करिश्मा को भी मेरे लिए मौजूद रहना चाहिए. हालांकि, मैं बिना क्यू के भी सीन कर सकती हूं. इसी तरह मैंने 40 साल तक इस इंडस्ट्री में काम किया है.”

गोविंदा-करिश्मा की आखिरी फिल्म

बता दें कि शगुफ्ता अली ने गोविंदा और करिश्मा कपूर के साथ डेविड धवन की 1997 में रिलीज हुई सुपरहिट कॉमेडी फिल्म हीरो नंबर 1 में काम किया था. गोविंदा और करिश्मा कपूर ने 90 के दशक में कई हिट फिल्मों में साथ काम किया और उनकी जोड़ी उस दौर की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में शुमार रही. दोनों आखिरी बार साल 2000 में रिलीज हुई थ्रिलर-ड्रामा फिल्म ‘शिकारी’ में साथ नजर आए थे. इसके बाद गोविंदा और करिश्मा कपूर ने फिर कभी किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *