शख्स ने पहले कबाड़ी को बेची SUV… फिर थाने जाकर कराई कार चोरी की FIR, पुलिस ने की जांच तो निकली फर्जीवाड़े की गजब कहानी

Ranchi Car Insurance Fraud: इंश्योरेंस के चार लाख रुपये हड़पने के लिए झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले एक कार मलिक ने अपनी ही कार की चोरी का ऐसा फर्जी कारनामा किया, जिसे सुनते ही आपके होश उड़ जाएंगे. दरअसल, 31 अगस्त की रात रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर निवासी प्रिंस कुमार ने रातू थाना में आवेदन देकर शिकायत की थी.
इसमें उसने बताया था कि 31 अगस्त की रात उसकी SUV कार घर के आंगन में खड़ी थी. सुबह जब वह लोग उठे तो देखा कि उसकी कार घर के आंगन से गायब है. काफी खोजबीन के बाद भी जब कार का कोई अता पता नहीं चला तो थक हारकर कार मालिक प्रिंस कुमार ने रातू थाना में आवेदन देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ कार चोरी का केस दर्ज कराया.
पुलिस ने किया कार चोरी का खुलासा
रातू थाना में दर्ज कार चोरी मामले को लेकर जांच में जुटी थाने की पुलिस ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं, लोकेशन ट्रैकिंग और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर बेहद ही चौंकाने वाला खुलासा खुलासा किया. पुलिस के अनुसार, इस मामले में कोई बाहरी शख्स नहीं बल्कि, खुद कार का मालिक ही कार चोरी का मास्टरमाइंड है.
इंश्योरेंस के पैसों से गढ़ी कार की चोरी की झूठी कहानी
जांच के दौरान रातू थाना की पुलिस को यह जानकारी मिली कि कार चोरी का मामला दर्ज कराने वाला उसका मालिक प्रिंस कुमार बार-बार कार में खराबी आने से परेशान था. आरोप कि उसने कार को करीब 1 लाख रुपयों में एक कबाड़ी वाले को बेच दिया. फिर कार के इंश्योरेंस के चार लाख रुपये हड़पने के उद्देश्य से अपनी कार की चोरी की झूठी कहानी गढ़ी और रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी.
मामले की जांच है जारी
इस मामले में कार के मालिक प्रिंस कुमार की भूमिका संदेहस्पद होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की और विभिन्न तकनीकी पहलुओं का इस्तेमाल करते हुए कार को रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया. इस पूरे मामले में कार के मलिक की भूमिका को लेकर जांच जारी है. रातू थाना पुलिस नियम अनुसार अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है.
ये भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, चतरा बाईपास के लिए 13,681 पेड़ों की कटाई पर लगाई रोक
