News

शेयर बाजार में इस डिफेंस कंपनी का तहलका, पहले ही दिन 90% मुनाफा देकर निवेशकों को किया मालामाल

शेयर बाजार में इस डिफेंस कंपनी का तहलका, पहले ही दिन 90% मुनाफा देकर निवेशकों को किया मालामाल

शेयर बाजार में सोमवार का दिन उन निवेशकों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं रहा, जिन्होंने डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर की कंपनी ‘मेरिट्रोनिक्स’ (Merritronix) के आईपीओ में पैसा लगाया था. इस कंपनी ने दलाल स्ट्रीट पर कदम रखते ही अपने निवेशकों की रकम को लगभग दोगुना कर दिया है. 149 रुपये के भाव पर अलॉट हुआ शेयर बीएसई एसएमई (BSE SME) प्लेटफॉर्म पर सीधे 283 रुपये पर लिस्ट हुआ. यानी जिसने भी इस कंपनी के आईपीओ पर दांव लगाया था, उसे पहले ही दिन 90 फीसदी का बंपर मुनाफा मिला है.

एक झटके में एक लाख 34 हजार की कमाई

बाजार में मेरिट्रोनिक्स की यह दमदार एंट्री उम्मीदों के बिल्कुल अनुरूप रही. रिटेल निवेशकों के लिए इस आईपीओ का एक लॉट 1,000 शेयरों का तय किया गया था. इसका सीधा मतलब है कि एक आम निवेशक को इस इश्यू में कम से कम 1 लाख 49 हजार रुपये का निवेश करना था. सोमवार को जैसे ही शेयर 283 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ, निवेशकों को प्रति शेयर 134 रुपये का सीधा फायदा मिल गया. 1.49 लाख रुपये की शुरुआती निवेश लागत लिस्टिंग के वक्त बढ़कर 2 लाख 83 हजार रुपये हो गई.

निवेशकों ने तिजोरी खोलकर लगाया पैसा

बाजार में इस शानदार शुरुआत के पीछे का मुख्य कारण कंपनी को मिला अभूतपूर्व समर्थन था. 1 जून से 3 जून के बीच जब यह 70 करोड़ रुपये का इश्यू खुला, तो इसमें रिकॉर्ड बोलियां आईं. कुल मिलाकर यह आईपीओ 315 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ.

इसमें रिटेल निवेशकों का हिस्सा करीब 297.67 गुना भरा गया, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) ने 476.59 गुना की जोरदार बोलियां लगाईं. योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) का कोटा भी 224.91 गुना तक भर गया. आईपीओ खुलने से पहले ही कंपनी ने एंकर निवेशकों के जरिए लगभग 19.9 करोड़ रुपये जुटा लिए थे. इस इश्यू में कुल 47 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं. प्रबंधन के अनुसार, जुटाई गई इस पूंजी का उपयोग उत्पादन क्षमता को बढ़ाने, कंपनी के कर्जों को कम करने तथा रोजमर्रा के कारोबारी खर्चों के लिए किया जाएगा.

रॉकेट की रफ्तार से भाग रहा कंपनी का कारोबार

मेरिट्रोनिक्स मुख्य रूप से इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन के साथ-साथ डिफेंस, एयरोस्पेस तथा इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए अहम उपकरण बनाने का काम करती है. सरकार जिस तरह से घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दे रही है, उसका सीधा फायदा कंपनी के बही-खातों में नजर आ रहा है.

कंपनी की वित्तीय सेहत इसके मजबूत भविष्य की कहानी खुद बयान करती है. वित्त वर्ष 2026 (FY26) के आंकड़ों पर नजर डालें तो कंपनी की आय 37 फीसदी उछलकर 156.3 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. वहीं, शुद्ध मुनाफा (Net Profit) 86 फीसदी की छलांग लगाकर 16.1 करोड़ रुपये हो गया है. एक साल पहले 15.2 करोड़ रुपये का एबिटडा (EBITDA) भी बढ़कर अब 27.2 करोड़ रुपये हो चुका है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *