News

महाराष्ट्र में चाइनीज मंचूरियन में निकला मरा हुआ चूजा, खाते ही युवती की बिगड़ी तबीयत, फिर…

महाराष्ट्र में चाइनीज मंचूरियन में निकला मरा हुआ चूजा, खाते ही युवती की बिगड़ी तबीयत, फिर…

Ulhasnagar Chinese Food Incident: मुंबई से सटे उल्हासनगर इलाके से खाद्य सुरक्षा की धज्जियां उड़ाने वाला एक बेहद घिनौना मामला सामने आया है. यहां एक चाइनीज दुकान से मंचूरियन खरीदकर खा रही युवती के होश उड़ गए, जब उसे खाने के बीच में एक मरा हुआ चूजा (मुर्गे का बच्चा) मिला. इस घृणास्पद लापरवाही के कारण युवती को लगातार उल्टियां होने लगीं और जी मिचलाने के बाद उसकी तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

यह चौंकाने वाली घटना उल्हासनगर के सुभाष टेकरी इलाके की है, जहां रहने वाली मोना पथारे नाम की युवती शाम के समय सुभाष टेकरी मछली बाजार के पास स्थित मोरे चाइनीज भेल सेंटर से मंचूरियन पैक कराकर घर लाई थी.

चटनी में मिला मरा हुआ चूजा, दुकानदार ने दी चुप रहने की सलाह

घर आकर जब मोना मंचूरियन खा रही थी, तभी उसने जैसे ही कटोरी से चटनी ली, उसमें एक मरा हुआ चूजा तैरता हुआ दिखाई दिया. यह देखते ही वह दंग रह गई. वह तुरंत उस मरे हुए चूजे को लेकर चाइनीज भेल विक्रेता के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई.

हैरान करने वाली बात यह है कि अपनी गलती मानने के बजाय दुकानदार ने मामले को दबाने की कोशिश शुरू कर दी. उसने चटनी को जांच के लिए भेजने का नाटक किया और पीड़ित युवती को समझाते हुए मुंह बंद रखने तथा इस बारे में किसी को भी न बताने की सलाह दी.

रात में बिगड़ी तबीयत, वेंडर्स के खिलाफ फूटा गुस्सा

दुकानदार से बात कर घर लौटने के बाद रात में मोना की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा खराब हो गई. फूड पॉइजनिंग और घबराहट के कारण उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है. लोगों ने लापरवाही बरतते हुए ग्राहकों की जान से खिलवाड़ करने वाले ऐसे सड़क किनारे के चाइनीज भेल और मंचूरियन विक्रेताओं के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और फूड लाइसेंस रद्द करने की मांग की है.

ये भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड को भगाकर शादी करने जा रहा था, रास्ते में बस से भिड़ी कार मां-मामा और प्रेमी की तड़प-तड़पकर मौत

फूड कॉन्टैमिनेशन (भोजन संदूषण) की बढ़ती घटनाएं

यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि पिछले कुछ समय से महाराष्ट्र और देश के अन्य हिस्सों से भोजन में कीड़े-मकोड़े और अन्य आपत्तिजनक चीजें मिलने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. कुछ समय पहले मुंबई में ऑनलाइन ऑर्डर की गई एक नामी ब्रांड की आइसक्रीम में मानव उंगली का टुकड़ा मिला था. कुछ महीनों पहले मुंबई के ही एक रेस्तरां के खाने में मरा हुआ चूहा मिलने की घटना ने सुर्खियां बटोरी थीं. ट्रेन यात्रा के दौरान आईआरसीटीसी (IRCTC) द्वारा परोसे जाने वाले भोजन में कीड़े और कॉकरोच मिलने की कई शिकायतें हर कुछ दिनों में सामने आती रहती हैं.

एक तरफ जहां प्रशासन खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई के बड़े-बड़े दावे करता है, वहीं दूसरी तरफ सड़क किनारे बिना साफ-सफाई के दुकान चलाने वाले वेंडर्स खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर नागरिकों के जीवन को खतरे में डाल रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *