MLC: एक ही शॉट से शतक और जीत, वैभव सूर्यवंशी के IPL टीममेट ने जड़ी पहली सेंचुरी, ठोके 15 छक्के-चौके

भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू हो चुका है और उन्होंने अपने टैलेंट की कुछ झलकियां दिखाई हैं. हालांकि वो अभी तक ऐसी कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं, जो उन्होंने IPL में खेली थीं. मगर जल्द ही उनके बल्ले से ऐसा धमाका होने की उम्मीद हर किसी को है. मगर इस बीच IPL में राजस्थान रॉयल्स में उनके टीममेट लुआन ड्रे प्रिटोरियस ने जरूर अपनी बैटिंग से कहर बरपा दिया है. अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में खेल रहे प्रिटोरियस ने सिर्फ 52 गेंदों में धुआंधार शतक जमाते हुए टीम को जिता दिया.
T20 क्रिकेट में प्रिटोरियस का पहला शतक
साउथ अफ्रीका के 20 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज लुआन ड्रे प्रिटोरियस अमेरिका की इस टी20 लीग में सेन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए खेल रहे हैं. इसी टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने MI न्यूयॉर्क के खिलाफ एक आतिशी पारी खेली, जिसमें जमकर चौके-छक्कों की बारिश हुई. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 52 गेंदों में ये शतक जमाया, जिसमें उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के ठोके. उन्होंने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का जमाया और फिर चौथी गेंद पर चौका जमाते हुए शतक पूरा किया और साथ ही टीम को जीत भी दिलाई.
A moment to remember
Lhuan-dre Pretorius gets his maiden T20 century with 102* (52) for the San Francisco Unicorns
pic.twitter.com/8xC3h2EuiM
— Cognizant Major League Cricket (@MLCricket) July 9, 2026
प्रिटोरियस की पारी इसलिए खास थी क्योंकि टी20 क्रिकेट में उनका ये पहला ही शतक था. इसके अलावा न्यूयॉर्क की ओर से टीम को सिर्फ 144 रन का लक्ष्य मिला था और यूनिकॉर्न्स ने 146 रन बनाकर इसे हासिल कर लिया. टीम के इन 146 रन में से 102 रन अकेले प्रिटोरियस ने ठोके. यानि इस युवा बल्लेबाज ने टीम के स्कोर के लगभग 70 फीसदी रन अकेले ही बना दिए. जाहिर तौर पर ये पारी खास होनी ही थी और इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
कप्तान शॉर्ट की घातक गेंदबाजी
इससे पहले सेन फ्रांसिस्को के कप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट ने फिर अपनी स्पिन के जाल में MI न्यूयॉर्क के बल्लेबाजों को फंसाया. दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले ही मैच में शॉर्ट ने 4 विकेट लिए थे. वैसी ही बॉलिंग जारी रखते हुए यूनिकॉर्न्स के कप्तान ने इस मैच में भी 3 विकेट हासिल किए. न्यूयॉर्क के लिए ओपनर रायन रिकलटन (35) और सन्नी पटेल (32) ही कुछ देर टिककर खेल सके. इस जीत के साथ ही यूनिकॉर्न्स ने इस सीजन में 8 मैच में 10 पॉइंट्स हासिल कर लिए हैं और टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है.
Lhuan-dre Pretorius gets his maiden T20 century with 102* (52) for the San Francisco Unicorns