लंबी बैटरी लाइफ चाहने वालों के लिए खुशखबरी! 7 इंच डिस्प्ले के साथ इस दिन लॉन्च होगा Redmi Note 17

रेडमी अपनी नई Redmi Note 17 सीरीज को 14 जुलाई को चीन में पेश करने जा रही है. इस सीरीज में Redmi Note 17 और Redmi Note 17 Pro शामिल हो सकते हैं. लॉन्च से पहले कंपनी ने दोनों स्मार्टफोन्स से जुड़ी कई अहम जानकारियां साझा की हैं. इनमें बड़ी डिस्प्ले, लंबे बैटरी बैकअप और नए फीचर्स पर खास ध्यान दिया गया है.
7 इंच की OLED डिस्प्ले होगी
Redmi Note 17 की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7 इंच की OLED डिस्प्ले होगी. यह फ्लैट स्क्रीन के साथ आएगी और 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगी, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग का अनुभव बेहतर होगा. स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 1200 निट्स तक होगी, इसलिए तेज धूप में भी कंटेंट आसानी से देखा जा सकेगा. कंपनी ने इसमें आंखों की सुरक्षा के लिए खास डिस्प्ले तकनीक का भी इस्तेमाल किया है.
8000mAh की बड़ी बैटरी मिलेगी
बैटरी की बात करें तो Redmi Note 17 में 8000mAh की बड़ी बैटरी मिलेगी. एक बार चार्ज करने पर यह लंबे समय तक चलने का दावा करती है.फोन में 45W फास्ट चार्जिंग दी जाएगी, जिससे बैटरी कम समय में चार्ज हो सकेगी. इसके अलावा 22.5W रिवर्स चार्जिंग फीचर भी मिलेगा, जिसकी मदद से इस फोन से दूसरे डिवाइस भी चार्ज किए जा सकेंगे.
Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आने की उम्मीद
हाल ही में यह स्मार्टफोन बेंचमार्किंग वेबसाइट Geekbench पर भी देखा गया था. लिस्टिंग के मुताबिक, इसमें Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर दिया जा सकता है. फोन के 12GB रैम और Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आने की उम्मीद है, जिससे मल्टीटास्किंग और रोजमर्रा का इस्तेमाल आसान रहेगा.
वहीं, Redmi Note 17 Pro में और भी बड़ी 9000mAh बैटरी मिलने की संभावना है. यह फोन 67W फास्ट चार्जिंग और 22.5W रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करेगा. कंपनी इस मॉडल पर बैटरी रिप्लेसमेंट वारंटी भी देने की तैयारी में है. फोन को मजबूत बनाने के लिए इसमें Corning Gorilla Glass Victus 2 का प्रोटेक्शन और पानी व धूल से बचाव के लिए कई IP रेटिंग्स मिल सकती हैं.
200MP का रियर कैमरा
लीक्स के मुताबिक, Redmi Note 17 Pro में Qualcomm Snapdragon 6 Gen 5 चिपसेट, 12GB LPDDR5X रैम और 1.5K OLED डिस्प्ले दी जा सकती है. कैमरे की बात करें तो इसमें 200MP का रियर कैमरा और 32MP का फ्रंट कैमरा मिलने की उम्मीद है. हालांकि, सभी फीचर्स और कीमत की आधिकारिक जानकारी 14 जुलाई के लॉन्च इवेंट में सामने आएगी.
यह भी पढ़ें- मोबाइल से लेकर चार्जर तक हर जगह दिखता है CE मार्क, खरीदारी से पहले जरूर जान लें इसका मतलब
नई जैसी चमक के चक्कर में न करें ये काम, स्मार्टफोन डिस्प्ले को हो सकता है बड़ा नुकसान