News

रात में सोने से पहले कर लें ये काम, कम हो जाएगा बिजली बिल! सरकारी विभाग ने बताया तरीका

रात में सोने से पहले कर लें ये काम, कम हो जाएगा बिजली बिल! सरकारी विभाग ने बताया तरीका

अगर आपका बिजली बिल हर महीने उम्मीद से ज्यादा आता है, तो रात की एक छोटी आदत इसमें कमी लाने में मदद कर सकती है. उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी यूपीपीसीएल ने लोगों से रात में चार्जर, अडैप्टर और जरूरत न होने वाले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को प्लग से निकालने की अपील की है. विभाग ने इसके लिए चार्ज इट राइट, अनप्लग एट नाइट का मंत्र दिया है. इससे फिजूल बिजली खर्च कम करने के साथ डिवाइसेज की सुरक्षा और लाइफ बेहतर रखने में मदद मिल सकती है.

रात में किन डिवाइस का प्लग निकालें

यूपीपीसीएल ने रात के समय चार्जर और राउटर जैसे डिवाइस को अनप्लग करने की सलाह दी है. फोन को सोने से पहले चार्ज करके चार्जर को सॉकेट से निकाल सकते हैं. इसी तरह राउटर के अडैप्टर को भी जरूरत न होने पर अनप्लग किया जा सकता है. घर में इस्तेमाल होने वाले कुछ हैवी डिवाइस जैसे चिमनी, गीजर, माइक्रोवेव और टीवी को भी रात में जरूरत न होने पर प्लग से अलग किया जा सकता है. इसका मकसद उन डिवाइस से होने वाली फिजूल बिजली खपत को कम करना है, जिनकी उस समय जरूरत नहीं है.

बिजली और डिवाइस दोनों की बचत

लगातार प्लग में लगे रहने से कुछ डिवाइस स्टैंडबाय मोड में भी बिजली लेते रहते हैं. इसके अलावा लगातार चार्जिंग, गर्म होने और वोल्टेज के ऊपर-नीचे होने से डिवाइस या चार्जर पर असर पड़ सकता है. यूपीपीसीएल के मुताबिक, रात में डिवाइस अनप्लग करने से बिजली की खपत कम होने के साथ उनकी लाइफ को भी बेहतर रखने में मदद मिल सकती है. गर्मियों में रात के समय लोड और पावर फ्लक्चुएशन का खतरा भी रहता है, ऐसे में प्लग से अलग डिवाइस को नुकसान से बचाया जा सकता है.

कितनी बिजली और पैसे बच सकते हैं

दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, आम घरों के बिजली बिल का करीब 5 से 10 फीसदी हिस्सा स्टैंडबाय पावर में खर्च हो सकता है. रात में गैर-जरूरी डिवाइस अनप्लग करने से सालाना 100 से 300 यूनिट तक बिजली बचने का अनुमान बताया गया है. वहीं चार्जर और अडैप्टर जैसे छोटे डिवाइस रातभर प्लग से बाहर रखने पर हर महीने करीब 3 से 10 यूनिट तक बचत हो सकती है. फ्रिज और गीजर जैसे हैवी डिवाइस को अनप्लग करने पर 5 से 7 यूनिट तक मासिक बचत बताई गई है.

ये भी पढ़ें: एलन मस्क ने लॉन्च किया Imagine Image 2.0 टूल, झटपट बना देगा इमेज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *