जयपुर में सरकारी स्कूल का हाल देखने पहुंचे CJP कार्यकर्ताओं का विरोध, गांव वालों ने निकाला बाहर

राजस्थान की राजधानी जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया गया और उन्हें शहर से दूर भगा दिया गया. जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र स्थित सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंची CJP की टीम का ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया. स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया और उनकी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की.
बगरू के रामपुरा कंवरपुरा के राजकीय प्राथमिक स्कूल में निरीक्षण करने पहुंचे CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की भी हो गई. इसके बाद ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं को गांव से बाहर निकाल दिया और स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए.
दरअसल, CJP की टीम शुक्रवार सुबह बगरू विधानसभा क्षेत्र के रामपुरा कंवरपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची थी. टीम के पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गांव के मुख्य रास्ते पर घेराबंदी कर दी थी. ग्रामीण आने-जाने वाले गाड़ियों की जांच करते नजर आए. इस बीच जैसे ही CJP कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लग गई.
VIDEO | Jaipur, Rajasthan: Cockroach Janata Party (CJP) co-convenor Ashutosh Ranka and others chased away by locals as they tried to visit Bagru village. #CJP #JaipurNews
(Full video available to PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/ZivHSEFqaO
— Press Trust of India (@PTI_News) August 21, 2026
ग्रामीणों और बीजेपी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्कूल की हालत सुधारने के लिए सरकार ने करीब 12 लाख 50 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने स्तर पर स्कूल की व्यवस्था सुधार लेंगे और किसी बाहरी संगठन को स्कूल में आकर निरीक्षण करने की अनुमति नहीं देंगे.
हालांकि स्कूल की जर्जर हालत भी सामने आई है. भवन की पट्टियां टूटने के बाद बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल को बंद कर दिया गया है. करीब 50 मीटर दूर एक बाड़े में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, जहां बच्चे टीनशेड के नीचे पढ़ाई करने को मजबूर हैं. आसपास पशुओं के लिए चारा रखा हुआ है और जर्जर दीवारों से ईंटें भी गिर चुकी हैं.
हमले के बाद CJP की ओर से आरोप लगाया गया है कि शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को सामने आने से रोकने के लिए सरकार ने स्कूलों में आम जनता और मीडिया के प्रवेश पर पाबंदी लगा रखी है. CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने कहा कि संगठन सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाने का अभियान जारी रखेगा और किसी भी आदेश से डरने वाला नहीं है.
CJP टीम के मुताबिक, अभियान के तहत शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वाटिका रोड स्थित भट्टा वाला राजकीय सरकारी स्कूल का भी निरीक्षण किया जाना है. टीम यहां शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं, स्कूल भवन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेगी. साथ ही शिक्षकों और विद्यार्थियों से बातचीत कर जमीनी हकीकत जानने का प्रयास किया जाएगा.
फिलहाल रामपुरा कंवरपुरा में CJP के विरोध में ग्रामीणों का धरना जारी है. स्कूल निरीक्षण को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब सरकार की शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में बाहरी लोगों की एंट्री के मुद्दे पर राजनीतिक बहस का रूप लेता नजर आ रहा है.
