News

B.Ed शिक्षकों के लिए NIOS शुरू करेगा 6 महीने का ब्रिज कोर्स, UP के 33640 शिक्षकों ने कराया रजिस्ट्रेशन

B.Ed शिक्षकों के लिए NIOS शुरू करेगा 6 महीने का ब्रिज कोर्स, UP के 33640 शिक्षकों ने कराया रजिस्ट्रेशन

प्राथमिक स्कूलों में पढ़ा रहे बीएड डिग्री होल्डर्स सहायक टिचर्स के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) इन शिक्षकों के लिए 6 महीने का विशेष ब्रिज कोर्स शुरू करने जा रहा है. इस ट्रेनिंग को प्राथमिक स्तर पर टीचिंग की आवश्यक योग्यता पूरी करने के लिए जरूरी किया गया है. NIOS के अनुसार, देशभर से 66,154 बीएड टिचर्स ने इस कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. इनमें उत्तर प्रदेश के शिक्षक सबसे ज्यादा हैं. कोर्स ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से कराया जाएगा और जल्द ही इसकी तारीखें जारी होने की उम्मीद है.

66 हजार से ज्यादा टीचर्स ने कराया रजिस्ट्रेशन

NIOS की ओर से कराए जाने वाले इस विशेष प्रशिक्षण में देशभर से 66,154 शिक्षकों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. स्टेट वाइज आंकड़ों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है. यहां से 33,640 शिक्षकों ने रजिस्ट्रेशन किया है. इसके बाद मध्य प्रदेश से 10,650, बिहार से 7,569 और पश्चिम बंगाल से 6,627 शिक्षक शामिल हैं. असम से 1,376 और छत्तीसगढ़ से 1,208 शिक्षकों ने भी आवेदन किया है.

किन शिक्षकों को करना होगा कोर्स?

यह ब्रिज कोर्स उन बीएड योग्य सहायक टिचर्स के लिए जरूरी होगा जिनकी नियुक्ति प्राथमिक स्कूलों में 28 जून 2018 के बाद और 11 अगस्त 2023 से पहले हुई है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार संबंधित शिक्षकों को निर्धारित प्रशिक्षण पूरा करना होगा.

कोर्स की अवधि 6 महीने होगी. इसे शुरू होने की ऑफिशियल तारीख से एक साल के भीतर सफलतापूर्वक पूरा करना जरूरी रहेगा. निर्धारित समय में कोर्स पूरा नहीं करने वाले शिक्षकों की नियुक्ति अमान्य घोषित की जा सकती है.

जल्द जारी होगा पूरा शेड्यूल

राज्य सरकारों से इस प्रशिक्षण को लेकर करीब चार महीने पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी. हालांकि, कुछ शिक्षकों ने ब्रिज कोर्स से राहत देने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दाखिल की थीं. इन याचिकाओं के निस्तारण के बाद अब प्रशिक्षण शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है.

NIOS मुख्यालय नोएडा के सक्षमता निर्माण प्रकोष्ठ के उपनिदेशक आलोक कुमार गुप्ता के मुताबिक ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा माध्यम से कोर्स संचालित करने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. संस्थान जल्द ही प्रशिक्षण का शेड्यूल जारी करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *