News

बिहार: स्कूल से लौट रही छात्रा की जीजा ने भरी मांग, साइकिल रोककर 6 आरोपियों ने की छेड़खानी

बिहार: स्कूल से लौट रही छात्रा की जीजा ने भरी मांग, साइकिल रोककर 6 आरोपियों ने की छेड़खानी

Banka Crime News: बिहार के बांका जिले में स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा के साथ छह लोगों ने हैवानियत की हद पार कर दी. उसके साछ छेड़खानी की गई और जबरन मांग में सिंदूर भर दिया गया. छात्रा की मां ने अपने दामाद समेत छह लोगों के खिलाफ रजौन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना रजौन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है.

रजौन थाना क्षेत्र की एक गांव की रहने वाली प्रियंका कुमारी (नाम परिवर्तित) धोनी हाई स्कूल में पढ़ती है. वह स्कूल से पढ़ाई पूरी करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान करीब शाम 4 बजे मदीहा गांव के पास कथित तौर पर कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया.

साइकिल रोककर छेड़खानी करने का आरोप

पीड़िता की मां की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, छात्रा जब साइकिल से लौट रही थी, तभी आरोपियों ने घात लगाकर उसे रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद उसके साथ छेड़खानी की गई और गाली-गलौज भी की गई. आरोप है कि छात्रा के जीजा कुंदन कुमार ने जबरदस्ती उसकी मांग में सिंदूर भर दिया. इसके बाद छात्रा को धमकी भी दी गई. शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उसे कथित तौर पर धमकाते हुए कहा कि उसे बर्बाद कर दिया जाएगा.

जीजा समेत छह लोगों पर FIR

मामले में छात्रा की मां ने रजौन थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. प्राथमिकी में छात्रा के जीजा कुंदन कुमार के अलावा पांच अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है. शिकायत के अनुसार, अन्य आरोपियों में रामकृष्ण कुमार, साजन कुमार, समर कुमार, साहिल कुमार और ज्योतिष कुमार के नाम शामिल हैं. सभी आरोपी भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र के मदीहा गांव के रहने वाले बताए गए हैं.

पुलिस अब प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट- जितेंद्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *