ग्रेटर नोएडा: खाटू श्याम जाने के लिए तोड़ रहे थे फूल, महागुन सोसाइटी की 23वीं मंजिल से गिरे बाप-बेटा, मौत

Greater Noida News: खबर दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से है. यहां महागुन माइवुड्स (Mahagun Mywoods) सोसाइटी में शुक्रवार तड़के बिल्डिंग की 23वीं मंजिल से गिरकर बाप-बेटे की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 11 वर्षीय आरव और उनके पिता रणदीप पात्रा के रूप में हुई है. रणदीप पात्रा सचिवालय में कार्यरत थे. पूजा और खाटू श्याम यात्रा की तैयारी के लिए बालकनी से फूल तोड़ते समय यह दर्दनाक हादसा घटित हुआ.
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पूरा परिवार खाटू श्याम धाम दर्शन के लिए जाने की तैयारी कर रहा था. यात्रा से पहले पूजा-अर्चना के लिए बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़े जा रहे थे. इसी दौरान 11 साल का आरव बालकनी से फूल तोड़ते वक्त अचानक फिसल गया और रेलिंग से नीचे की ओर लटक गया.
बेटे को बचाने झपटे पिता, संतुलन बिगड़ने से दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिरे
मासूम बेटे को जिंदगी और मौत के बीच झूलता देख पिता ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत हाथ बढ़ाया. रणदीप पात्रा ने अपने लटकते हुए बेटे आरव को खींचकर ऊपर बचाने का प्रयास किया. लेकिन इस आपाधापी में 23वीं मंजिल की ऊंचाई पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वे बेटे के साथ ही सीधे नीचे आ गिरे. 23वीं मंजिल से गिरते ही दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद तड़के ही सोसाइटी परिसर में चीख-पुकार मच गई.
ये भी पढ़ें: जिस लड़की को मदरसे में पढ़ाता था, उसी से शादीशुदा मौलवी ने किया निकाह मुस्लिम समाज ने मचाया बवाल
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची. बिसरख थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. खाटू श्याम यात्रा की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. एक साथ पिता-पुत्र की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरी महागुण माइवुड्स सोसाइटी में शोक की लहर दौड़ गई है.
