MLC 2026: क्रिकेट की दुनिया में ऐसा करने वाली पहली फ्रेंचाइजी बनी नाइट राइडर्स, लेकिन मिली बड़ी हार

Los Angeles Knight Riders vs Washington Freedom: नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी ने खेल के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. वह दुनिया का पहला ऐसा ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन गया है जिसने अपना खुद का इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाया है. लॉस एंजिल्स में नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड पर मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 का पहला मुकाबला आधिकारिक तौर पर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया. हालांकि, इस ऐतिहासिक और खास उद्घाटन मुकाबले में मेजबान टीम लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (LAKR) को वॉशिंगटन फ्रीडम के हाथों हार का सामना करना पड़ा.
वॉशिंगटन फ्रीडम की एकतरफा जीत
लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स और वॉशिंगटन फ्रीडम के बीच खेले गए इस ऐतिहासिक मैच में वॉशिंगटन की टीम ने अपना दबदबा दिखाते हुए बाजी मारी. मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स की टीम वॉशिंगटन फ्रीडम की धारदार गेंदबाजी के सामने पूरी तरह लाचार नजर आई. टीम के स्टार बल्लेबाज कॉलिन मुनरो, आंद्रे फ्लेचर और रोवमैन पॉवेल क्रीज पर ज्यादा देर नहीं टिक सके. जिसके चलते पूरी 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 17.5 ओवरों में सिर्फ 108 रनों के मामूली स्कोर पर सिमट गई.
नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनर आंद्रे फ्लेचर जल्दी आउट हो गए. कोलिन मुनरो ने भी सिर्फ 25 रनों का योगदान दिया. इसके बाद रोवमैन पॉवेल ने सबसे तेज पारी खेलते हुए 19 गेंदों पर 30 रन बनाए, लेकिन वो भी इसके बड़े स्कोर में नहीं बदल सके. दूसरी ओर, वॉशिंगटन फ्रीडम की गेंदबाजी शानदार रही. सौरभ नेत्रावल्कर ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट झटके. मिचेल ओवेन ने भी 3 विकेट लिए. इनके अलावा बेन ड्वार्शुइस और इयान हॉलैंड को 2-2 सफलता मिली.
वॉशिंगटन फ्रीडम ने 6 विकेट से जीता मैच
टारगेट का पीछा करने उतरी फ्रीडम की टीम ने आक्रामक शुरुआत की, हालांक सनिल नरेन ने 2 विकेट लेकर शुरुआती झटके दिए. मिचेल ओवेन और एंड्रीज गॉस सस्ते में निपट गए. स्टीव स्मिथ (कप्तान) 40 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं, मार्क चैपमैन ने शानदार 34 रन बनाए. जिसके चलते वॉशिंगटन फ्रीडम ने 17.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया.