News

नस्लीय टिप्पणी-गंदी हरकत और बनाया मजाक… इन्फ्युलेंसर आमिर शौकीन ने त्रिपुरा के युवक से की बदतमीजी, रिजिजू बोले- कड़ा एक्शन होगा

नस्लीय टिप्पणी-गंदी हरकत और बनाया मजाक… इन्फ्युलेंसर आमिर शौकीन ने त्रिपुरा के युवक से की बदतमीजी, रिजिजू बोले- कड़ा एक्शन होगा

दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. वीडियो में वह त्रिपुरा के एक युवक पर नस्लीय टिप्पणी करते और उसे आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित करते दिखाई दे रहा है. मामले पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि आरोपी को कड़ा सबक सिखाया जाएगा.

अरुणाचल प्रदेश की अरुणाचल पश्चिम सीट से बीजेपी सांसद किरेन रिजिजू ने एक्स पर लिखा, ‘इस बुरे आदमी को सजा मिलेगी. अधिकारिक शिकायत दर्ज करने में देर हुई लेकिन दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस उसे कड़ा सबक सिखाएगी.’ उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जो लोग समाज में ऐसे बुरे बर्ताव को बर्दाश्त करते हैं, वे भी नफरत फैलाने के लिए जिम्मेदार हैं.

आरोपी ने माफी मांगते हुए इसे ‘स्क्रिप्टेड’ बताया

बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा आरोपी दिल्ली का एक कंटेंट क्रिएटर है और उसका नाम आमिर शौकीन है. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि वह त्रिपुरा के युवक से देश का नाम पूछता है और उसका मजाक उड़ाता है. आरोपी युवक पर कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी और गलत शब्द का प्रयोग करता है. साथ ही उसे ‘चाइनीज’ व ‘चिंकी’ से संबोधित करता है.

इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विवाद छिड़ गया है. वहीं, मामला बढ़ता देख आरोपी आमिर शौकीन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर माफी भी मांगी है. आरोपी कंटेंट क्रिएटर का अब कहना है कि यह वायरल वीडियो पूरी तरह से ‘स्क्रिप्टेड’ था और वीडियो में दिखाई दे रहा त्रिपुरा का युवक उसके जान पहचान वाला है.

IFSO करेगी वीडियो की जांच, त्रिपुरा में FIR दर्ज

हालांकि, आरोपी के दावों का अभी पुलिस द्वारा पड़ताल नहीं किया गया है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल यूनिट फॉर नॉर्थ ईस्टर्न रीजन (SPUNER) के मुताबिक, उन्हें कल शाम इस मामले की जानकारी मिली. दिल्ली पुलिस की SPUNAR विंग ने वायरल वीडियो की जांच के बारे में दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट को लिखकर जानकारी दी है. IFSO यूनिट अब इस वायरल वीडियो की जांच करेगी.

दिल्ली पुलिस इस मामले में त्रिपुरा पुलिस के लगातार संपर्क में है. वहीं, दूसरी ओर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने भी मामले पर संज्ञान लिया. इसके बाद डीजीपी (DGP) के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी आमिर शौकीन पर साइबर बुलिंग, नस्लभेदी कमेंट और राज्य के मूल समुदाूयों के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *