News

IPL 2027: मुंबई इंडियंस से शुरू किया करियर, अब 18 साल बाद वहीं बना कोच, MI में 4 धुरंधरों की एंट्री

IPL 2027: मुंबई इंडियंस से शुरू किया करियर, अब 18 साल बाद वहीं बना कोच, MI में 4 धुरंधरों की एंट्री

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास की 2 सबसे सफल टीमों में बदलाव का दौर लगातार जारी है. पिछले कुछ सीजन से लगातार नाकामी और फिसड्डी प्रदर्शन के कारण 5-5 बार खिताब जीत चुकीं चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस में कोचिंग स्टाफ पूरी तरह से बदल गया है. चेन्नई ने तो अपने नए हेड कोच और सपोर्ट स्टाफ का ऐलान कर दिया है. इसी तर्ज पर मुंबई इंडियंस (MI) ने भी बड़ा फैसला किया है. कैरेबियाई दिग्गज काइरन पोलार्ड को हेड कोच बनाने के बाद MI ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को बैटिंग कोच बनाया है. उनके अलावा 2 बॉलिंग और एक फील्डिंग कोच की भी नियुक्ति हुई है.

2020 में आखिरी बार IPL खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस में भले ही फिलहाल मौजूदा कप्तान हार्दिक पंड्या को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ है लेकिन कोचिंग स्टाफ को पूरी तरह बदल दिया गया है. हेड कोच महेला जयवर्धने को हटाकर मुंबई इंडियंस ने अपने ही दिग्गज ऑलराउंडर पोलार्ड को नया हेड कोच बनाया था. उनके बाद लसिथ मलिंगा और पारस महाम्ब्रे जैसे अनुभवी सपोर्ट स्टाफ को भी हटाने का फैसला किया गया, जिसके एक दिन बाद ही मुंबई इंडियंस ने अपने नए कोचिंग स्टाफ का ऐलान कर दिया.

इसमें सबसे खास ऐलान रॉबिन उथप्पा को लेकर है, जिन्होंने 2008 में मुंंबई इंडियंस के साथ ही अपना IPL डेब्यू किया था. हालांकि, वो एक सीजन में ही मुंबई के साथ थे लेकिन अब 18 साल बाद फिर उनकी वापसी हुई है. उथप्पा ने मुंबई के साथ अपने पहले सीजन में 14 मैच में 320 रन बनाए थे. इसके बाद वो बेंगलुरु, पुणे, कोलकाता, राजस्थान और चेन्नई जैसी टीमों का हिस्सा रहे. इस दौरान उथप्पा ने 2014 में कोलकाता और 2021 में चेन्नई के साथ IPL का खिताब जीता. 2014 में तो उन्होंने ऑरेंज कैप हासिल करते हुए खिताब जीता था. अब वो मुंबई की बल्लेबाजी को सुधारने के लिए जिम्मेदार होंगे.

(खबर अपडेट हो रही है)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *