5 राज्य, पोंजी स्कीम और 1000 करोड़ का फ्रॉड… बरेली में स्कैमर कन्हैया गुलाटी पर 102वीं FIR, होगी कुर्की

Bareilly News: 22 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच देकर देश भर के हजारों निवेशकों से 1,000 करोड़ से अधिक की ठगी करने वाला महाठग कन्हैया गुलाटी अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस और मल्टी-स्टेट एजेंसियों की पकड़ से बाहर है. इस बीच, कैनविज (Canwinn/Canwiz) ग्रुप के इस चर्चित पोंजी घोटाले में बरेली के बिथरी चैनपुर थाने में धोखाधड़ी का 102वां मुकदमा दर्ज हो गया है. अदालत के कड़े रुख के बाद पुलिस ने फरार कन्हैया गुलाटी, उसकी पत्नी राधा गुलाटी और कंपनी के एक प्रमुख एजेंट के खिलाफ पीड़ित मां और दो बेटों से 75 लाख की ठगी का केस दर्ज कर नए सिरे से पड़ताल शुरू कर दी है.
बिथरी चैनपुर के मोहनपुर निवासी पीड़ित प्रमोद कुमार, उनके भाई प्रदीप और मां दुलारो देवी की मुलाकात इज्जतनगर निवासी एजेंट हरेंद्र प्रकाश पटेल के जरिए कैनविज कंपनी के सीएमडी कन्हैया गुलाटी से हुई थी. आरोपी कन्हैया गुलाटी ने पीड़ित परिवार को 22 महीने में रकम दोगुनी करने की लुभावनी योजना बताई. विश्वास हासिल करने के लिए उसने 55 लाख के बैंक चेक बतौर गारंटी थमा दिए.
22 महीने की अवधि पूरी होने के बाद जब पीड़ित परिवार ने अपनी रकम मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगे. आखिरकार कन्हैया और उसकी पत्नी अपना स्थानीय कार्यालय बंद कर रातोरात फरार हो गए. पीड़ित परिवार ने बिथरी चैनपुर थाने से लेकर बरेली एसएसपी दफ्तर तक चक्कर काटे और रजिस्टर्ड डाक भेजी, लेकिन FIR दर्ज नहीं हुई. आखिरकार कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद बिथरी चैनपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया.
5 राज्यों में 1,000 करोड़ का नेटवर्क, 50 हजार का इनाम फिर भी पुलिस पस्त
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में कन्हैया गुलाटी और उसकी कंपनी के खिलाफ अब तक कुल 102 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस ने कन्हैया गुलाटी पर 50,000 का इनाम घोषित कर रखा है, लेकिन महीनों से उसकी फरारी और पुलिस की नाकामयाबी पर सवाल उठ रहे हैं. कन्हैया गुलाटी के साथ-साथ उसकी पत्नी राधा गुलाटी पर भी वित्तीय हेरफेर और फर्जी कंपनियों में निदेशक बनने के गंभीर आरोप हैं.
ये भी पढ़ें: अधूरा रह गया आखिरी सफर चमोली हेलीकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले सुधीर-शंकर की दर्दनाक कहानी
पुलिस प्रशासन का बयान और आगे का एक्शन प्लान
मामले की गंभीरता और 102वें मुकदमे के दर्ज होने पर बरेली के प्रभारी एसएसपी चिराग जैन ने कहा- अदालत के आदेश का अनुपालन करते हुए बिथरी चैनपुर थाने में कन्हैया गुलाटी, राधा गुलाटी और एजेंट हरेंद्र प्रकाश पटेल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी पर पहले से ही 50 हजार का इनाम घोषित है. उसकी संपत्तियों की कुर्की और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर नए सिरे से दबिश दी जा रही है.
