News

Microsoft की राह पर Canva, 6 महीने की सैलरी और MacBook देकर 1,271 कर्मचारियों को कहा अलविदा!

Microsoft की राह पर Canva, 6 महीने की सैलरी और MacBook देकर 1,271 कर्मचारियों को कहा अलविदा!

नौकरी जाना किसी के लिए भी बड़ा झटका होता है. अचानक रोज का काम छूट जाता है और नई नौकरी की तलाश शुरू करनी पड़ती है. लेकिन ऑस्ट्रेलिया की डिजाइनिंग कंपनी Canva ने छंटनी के दौरान अपने कर्मचारियों के लिए ऐसा राहत पैकेज तैयार किया है, जिसकी चर्चा हो रही है. कंपनी ने 1,271 लोगों को नौकरी से हटाने का फैसला किया है, लेकिन इसके साथ उन्हें MacBook अपने पास रखने, कम से कम 6 महीने की सैलरी पाने और एक साल तक LinkedIn Premium इस्तेमाल करने की सुविधा भी मिलेगी.

Canva अपने कुल कर्मचारियों में से 22 फीसदी की कटौती कर रही है. CEO मेलानी पर्किन्स ने इस फैसले को कंपनी के लिए बेहद मुश्किल बताते हुए प्रभावित कर्मचारियों से माफी मांगी है.

37 देशों में 1,271 कर्मचारियों की गई नौकरी

Canva में 37 देशों में 5,700 से ज्यादा लोग काम करते हैं. इनमें भारत के कर्मचारी भी शामिल हैं. हालांकि, कंपनी ने अभी यह जानकारी नहीं दी है कि किस देश या टीम पर छंटनी का सबसे ज्यादा असर पड़ा है. मेलानी पर्किन्स ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि इस फैसले से लोगों को जो परेशानी होगी, उसका उन्हें अफसोस है. उन्होंने यह भी साफ किया कि नौकरी से हटाए जाने का मतलब कर्मचारियों की काबिलियत या उनके काम की अहमियत कम होना नहीं है.

नौकरी जाने के बाद मिलेंगी ये सुविधाएं

Canva प्रभावित कर्मचारियों को कंपनी का MacBook अपने पास रखने देगी. इसके अलावा एक साल का LinkedIn Premium सब्सक्रिप्शन भी मिलेगा. नई नौकरी खोजने में मदद के लिए करियर कोचिंग, इंटरव्यू की तैयारी और रिज्यूमे सुधारने जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी. कंपनी की टैलेंट एक्विजिशन टीम इस काम में कर्मचारियों का साथ देगी.

कम से कम 6 महीने की सैलरी और हेल्थकेयर

हर प्रभावित कर्मचारी को कम से कम 6 महीने की सैलरी मिलेगी. इसमें जरूरी कानूनी भुगतान भी शामिल होगा. यह राहत अलग-अलग देशों में काम करने वाले कर्मचारियों को दी जाएगी. जिन कर्मचारियों ने पिछले एक साल में कंपनी जॉइन की है, उनके लिए एक साल की वेस्टिंग शर्त भी हटाई जाएगी, ताकि वे अपनी Equity के हकदार बन सकें.

जिन देशों में Canva हेल्थकेयर देती है, वहां कर्मचारियों को 12 महीने तक इसका फायदा मिलेगा. साथ ही कर्मचारी और उनके परिवार एक साल तक Canva Care प्रोग्राम का लाभ ले सकेंगे.

बिजनेस शुरू करने के लिए मिल सकती है मदद

Canva ने Canva Collective Fund भी बनाया है. इसके तहत अपना बिजनेस शुरू करने या स्थानीय प्रोजेक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों को 10,000 डॉलर (करीब 8.9 लाख रुपये) तक की ग्रांट मिल सकती है. कंपनी इसके बदले बिजनेस में कोई हिस्सेदारी नहीं लेगी. इच्छुक कर्मचारियों को 14 दिसंबर तक अपनी जानकारी देनी होगी.

कंपनी एक Alumni Talent Directory भी तैयार करेगी, जिसे निवेशकों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के साथ साझा किया जाएगा. इससे कर्मचारियों को नए मौके तलाशने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा, उन्हें इसी हफ्ते के आखिर तक Slack और Gmail का एक्सेस भी दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें- डोनाल्ड ट्रंप की हार, शेयर बाजार में आई बहार! निवेशकों ने इन कारणों से मिनटों में कमाए 8 लाख करोड़

शेयर, FD और रियल एस्टेट से आगे बढ़ रहे अमीर भारतीय, अपनी 40-45% दौलत कहां लगा रहे हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *