Char Dham Yatra: 6 महीने के लिए बंद चारधाम के कपाट, अब इन जगहों पर विराजेंगे भगवान, यहीं होंगे दर्शन

Char Dham Yatra in Winters: चारधाम यात्रा को हिंदू धर्म में सबसे पवित्र तीर्थयात्राओं में से एक माना जाता है. उत्तराखंड के ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में स्थित यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. मान्यता है कि चारों धामों की यात्रा करने से व्यक्ति को पुण्य की प्राप्ति होती है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है. बर्फ से ढकी पहाड़ियों, शांत वादियों और आध्यात्मिक वातावरण के बीच होने वाली ये यात्रा भक्तों के लिए बेहद खास होती है.
हर साल सर्दियों का मौसम शुरू होते ही भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण चारों धामों के कपाट 6 महीने के लिए श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाते हैं. कपाट बंद होने से पहले विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक परंपराओं का पालन किया जाता है. इसके बाद चारों धामों में विराजमान देवी-देवताओं की उत्सव डोली और विग्रह को उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों पर ले जाया जाता है. अगले करीब छह महीने तक इन स्थानों पर ही नियमित पूजा होती है और श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकते हैं. ऐसे में अगर आप सर्दियों में भी चारधाम के दर्शन करना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं कि कपाट बंद होने के बाद भगवान कहां विराजते हैं.
सर्दियों में कहां होते हैं चारधाम के दर्शन?
1. केदारनाथ के कपाट बंद होने के बाद कहां होते हैं बाबा केदार के दर्शन?
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है. सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण यहां के कपाट बंद कर दिए जाते हैं. इसके बाद बाबा केदार की उत्सव डोली को विधि-विधान के साथ ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर लाया जाता है. यहां अगले छह महीनों तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा होती है. इस दौरान श्रद्धालु ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकते हैं.
2. बद्रीनाथ के कपाट बंद होने के बाद कहां विराजते हैं बद्री विशाल?
चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ धाम भगवान विष्णु को समर्पित है. सर्दियों में यहां के कपाट बंद होने के बाद भगवान बद्रीविशाल की शीतकालीन पूजा ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) स्थित नरसिंह मंदिर में होती है. वहीं, भगवान की उत्सव डोली पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बद्री मंदिर पहुंचती है. इस तरह सर्दियों के दौरान श्रद्धालु इन दोनों स्थानों पर भगवान बद्रीविशाल की पूजा और दर्शन कर सकते हैं.
3. गंगोत्री के कपाट बंद होने के बाद कहां होती है मां गंगा की पूजा?
उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम मां गंगा को समर्पित है. सर्दियों में गंगोत्री मंदिर के कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा (मुखवा) गांव लाई जाती है. यहां मां गंगा का शीतकालीन प्रवास होता है और अगले छह महीने तक विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना की जाती है. श्रद्धालु इस दौरान मुखबा गांव पहुंचकर मां गंगा के दर्शन कर सकते हैं.
4. यमुनोत्री के कपाट बंद होने के बाद कहां विराजती हैं मां यमुना?
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनोत्री धाम मां यमुना को समर्पित है. सर्दियों में मंदिर के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली गांव स्थित मंदिर में लाई जाती है. खरसाली को मां यमुना का शीतकालीन प्रवास स्थल माना जाता है. यहां छह महीने तक मां यमुना की पूजा-अर्चना होती है और श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकते हैं.
चारधाम यात्रा का सही क्रम क्या है?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर की जाती है. इसमें सबसे पहले यमुनोत्री, फिर गंगोत्री, उसके बाद केदारनाथ और अंत में बद्रीनाथ धाम के दर्शन किए जाते हैं.
- यमुनोत्री: चारधाम यात्रा का पहला पड़ाव मां यमुना को समर्पित यमुनोत्री धाम है. यह उत्तरकाशी जिले में स्थित है.
- गंगोत्री: दूसरा पड़ाव मां गंगा का पवित्र धाम गंगोत्री है, जो उत्तरकाशी जिले में आता है.
- केदारनाथ: तीसरे पड़ाव पर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल केदारनाथ धाम के दर्शन किए जाते हैं. यह रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है.
- बद्रीनाथ: यात्रा का अंतिम पड़ाव बद्रीनाथ धाम है, जो भगवान विष्णु को समर्पित है और चमोली जिले में स्थित है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.
