News

बिहार: भागलपुर परिषद चुनाव में पर्ची ने बदली किस्मत, नवनिर्वाचित अध्यक्ष के स्वागत में नेता के बेहोश होने से मचा हड़कंप

बिहार: भागलपुर परिषद चुनाव में पर्ची ने बदली किस्मत, नवनिर्वाचित अध्यक्ष के स्वागत में नेता के बेहोश होने से मचा हड़कंप

बिहार के भागलपुर में जिला परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव बेहद रोमांचक रहा. पूर्व अध्यक्ष टुनटुन साह और इस्माइलपुर के जिला परिषद सदस्य बिपिन मंडल के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली. मतदान के बाद दोनों प्रत्याशियों को बराबर 15-15 वोट मिले. मामला बराबरी पर अटकते ही पर्ची निकाली गई और किस्मत ने बिपिन मंडल का साथ दिया. पर्ची खुलते ही बिपिन मंडल अध्यक्ष घोषित कर दिए गए.

बताया जा रहा है कि अध्यक्ष चुने जाने के बाद जैसे ही बिपिन मंडल के स्वागत का दौर शुरू हुआ, खुशी का माहौल अचानक अफरातफरी में बदल गया. दरअसल जब जगदीशपुर के जिला परिषद सदस्य शिव मंडल, जब नवनिर्वाचित अध्यक्ष के पास पहुंचकर माला पहनाने लगे, तभी वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. यह देखकर वहां मौजूद सदस्यों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में अन्य जिला परिषद सदस्यों ने शिव मंडल को संभाला.

नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने पहुंचाया अस्पताल

इस दौरान खुद अध्यक्ष बिपिन मंडल ने उन्हें उठाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया. बताया जा रहा है कि रास्ते में बिपिन मंडल ने सीपीआर देकर उन्हें होश में लाने की कोशिश भी की, लेकिन उन्हें होश नहीं आया. फिलहाल शिव मंडल का अस्पताल में इलाज जारी है. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. अस्पताल में लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है. खुद अध्यक्ष भी अस्पताल में बने हुए हैं. शिव मंडल का परिवार भी अस्पताल में मौजूद है.

जीत की खुशी गम में बदली

जानकारी के मुताबिक शिव मंडल दो बार से जगदीशपुर के जिला परिषद सदस्य हैं और उन्हें मिर्गी की बीमारी बताई जा रही है. इससे पहले भी वे कई सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान बेहोश हो चुके हैं. इस तरह अध्यक्ष पद के चुनाव में जहां एक ओर जीत की खुशी थी, वहीं दूसरी ओर अचानक हुई इस घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया. नवनिर्वाचित अध्यक्ष का कहना है कि शिव मंडल का अभी इलाज चल रहा है. डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *