Chennai Open 2026: चैंपियन बनी खिलाड़ी ने आयोजकों पर उठाए सवाल, प्रदूषण ने टाला था फाइनल

चेन्नई ओपन का खिताब जीतने के बाद पोलैंड की मैगडा लिनेट ने आयोजकों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि दिवाली के पटाखों से हुए प्रदूषण के कारण फाइनल को स्थगित करने का फैसला तो सही था, लेकिन टूर्नामेंट का शेड्यूल बेहतर तरीके से बनाया जा सकता था. 34 साल की खिलाड़ी दो साल से ज्यादा समय बाद कोई खिताब जीत पाई हैं. उन्होंने सोमवार को चेन्नई में डिफेंडिंग चैंपियन जेनिसे टेजेन को 5-7, 6-1, 6-4 से हराया.
24 घंटे के लिए टला फाइनल, प्रदूषण बना वजह
महिला सिंगल्स का फाइनल पहले 8 नवंबर को होना था, लेकिन बारिश और खराब हवा की गुणवत्ता के चलते उसे एक दिन यानी 24 घंटे के लिए टाल दिया गया. दिवाली के पटाखों से पूरे शहर में धुंध छा गई थी, जिसके बाद फाइनल को दिवाली के दिन तय करने के फैसले पर सवाल उठने लगे थे.
चेन्नई ओपन की चैंपियन ने आयोजकों पर उठाए सवाल
9 नवंबर को फाइनल जीतने के बाद मैगडा लिनेट ने कहा कि ये प्रदूषण और स्वास्थ्य को देखते हुए फाइनल को एक दिन के लिए टालना सही था. लेकिन, इसके शेड्यूल को और बेहतर तरीके से कराया जा सकता था. उन्होंने माना कि अगर हमने 8 नवंबर को खराब प्रदूषण के बीच खेला होता, तो हम 9 नवंबर जैसा प्रदर्शन नहीं कर पाते.
चेन्नई ओपन 2026 का खिताब जीतने वाली मैगडा लिनेट ने मैच को टाले जाने के फैसले का समर्थन तो किया मगर आयोजको को अपनी राय देने में भी पीछे नहीं रही. उन्होंने कहा कि मैच को टालने के बजाए उसे दिन में पटाखों के चलने से पहले खेला जा सकता था, उन्होंने कहा कि अगली बार इस बात का ध्यान रखना होगा.
फाइनलिस्ट जेनिस टजेन ने भी आयोजकों को घेरा
चेन्नई ओपन का फाइनल टलने के बाद इंडोनेशियाई खिलाड़ी जेनिस टजेन ने भी आयोजकों पर सवाल उठाए थे. उन्होंने चेन्नई के 1556 AQI का हवाला देते हुए सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी.
