News

Instagram पर प्यार, लव मैरिज फिर एक दिन… 22 साल की भावना ने क्यों दे दी जान? 4 महीने पहले बनी थी मां

Instagram पर प्यार, लव मैरिज फिर एक दिन… 22 साल की भावना ने क्यों दे दी जान? 4 महीने पहले बनी थी मां

Bareilly Local News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. इज़्ज़तनगर थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी में 22 वर्षीय विवाहिता भावना गोस्वामी ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली भावना की करीब दो साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हाफिजगंज थाना क्षेत्र के बंजरिया निवासी अभिषेक सक्सेना से दोस्ती हुई थी. धीरे-धीरे दोनों की बातचीत प्यार में बदल गई. अलग-अलग जाति के होने के कारण जब दोनों के परिवार शादी के लिए राजी नहीं हुए, तो दोनों घर से भाग गए और प्रेम विवाह कर लिया.

शादी के बाद दोनों बरेली में ही किराए का मकान लेकर रहने लगे. भावना के परिवार ने शुरुआत में सीबीगंज थाने में मामला दर्ज कराया था, लेकिन दोनों के बालिग होने के कारण पुलिस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी थी. दोनों का एक 4 महीने का बेटा भी है. शुक्रवार देर शाम जब मकान मालकिन बाहर से वापस लौटीं, तो उन्हें कमरे के अंदर कुछ संदिग्ध लगा. जब उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो भावना फंदे से लटकी हुई थी. मकान मालकिन ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय इज़्ज़तनगर पुलिस को दी.

पति हिरासत में, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सूचना मिलते ही इज़्ज़तनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर शव को फंदे से नीचे उतरवाया. इसके बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटना के वक्त भावना का पति अभिषेक, जो एक होटल में काम करता है, घर पर मौजूद नहीं था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ कर रही है.

ये भी पढ़ें: बेटा तू निकल जा मुझे छोड़ दे, लेकिन शशांक ने नहीं छोड़ा मां का साथ, यमुना एक्सप्रेसवे हादसे में दोनों की मौत

पुलिस का बयान

इज़्ज़तनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *