November Panchak 2026: 17 नवंबर से शुरू हो रहे अग्नि पंचक, 5 दिन तक इन कामों पर रहेगी रोक… जानिए क्या करना है शुभ

Panchak November 2026 Date: पंचक का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, हर महीने चंद्रमा जब कुंभ और मीन राशि में गोचर करता है, तब पांच दिनों की एक विशेष अवधि बनती है, जिसे पंचक कहा जाता है. इस दौरान कुछ खास कामों को करना वर्जित माना जाता है, जबकि पूजा-पाठ, मंत्र जाप और दान-पुण्य जैसे धार्मिक कार्य शुभ माने जाते हैं. पंचक किस दिन से शुरू हो रहा है, इसके आधार पर इसका नाम और प्रभाव भी अलग-अलग होता है.
नवंबर 2026 में पंचक की शुरुआत 17 नवंबर, मंगलवार से होने जा रही है. मंगलवार से शुरू होने के कारण इसे अग्नि पंचक कहा जाएगा. धार्मिक मान्यता के अनुसार, अग्नि पंचक के दौरान आग, लकड़ी और निर्माण से जुड़े कुछ कामों को करने से बचना चाहिए. ऐसे में आइए जानते हैं कि इन पांच दिनों में कौन से काम वर्जित माने गए हैं और इस दौरान क्या करना शुभ रहेगा.
नवंबर में पंचक कब से कब तक है?
- पंचक आरंभ: 17 नवंबर 2026, मंगलवार, दोपहर 3:30 बजे
- पंचक समाप्त: 22 नवंबर 2026, रविवार, सुबह 5:54 बजे
क्यों कहा जाता है अग्नि पंचक?
ज्योतिष शास्त्र में सप्ताह के अलग-अलग दिनों से शुरू होने वाले पंचक को अलग-अलग नाम दिए गए हैं. मंगलवार से शुरू होने वाले पंचक को अग्नि पंचक कहा जाता है. मान्यता है कि इस दौरान आग, ईंधन, लकड़ी और नए निर्माण से जुड़े कामों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अवधि में कुछ काम करने से बचना बेहतर माना जाता है.
अग्नि पंचक में क्या नहीं करना चाहिए?
लकड़ी खरीदने और जलाने से बचें:- अग्नि पंचक के दौरान लकड़ी खरीदना, लकड़ी जलाना या लकड़ी से जुड़ा कोई नया काम शुरू करना शुभ नहीं माना जाता. मान्यता है कि इस अवधि में आग और ईंधन से जुड़े कामों में सावधानी बरतनी चाहिए.
घर की छत या लेंटर न डलवाएं:- अगर आप घर बनवा रहे हैं या निर्माण से जुड़ा कोई काम शुरू करने की योजना बना रहे हैं, तो अग्नि पंचक के दौरान घर की छत या लेंटर डलवाने से बचना चाहिए. इसे इस अवधि में वर्जित कार्यों में शामिल किया जाता है.
दक्षिण दिशा की यात्रा न करें:- अग्नि पंचक के दौरान दक्षिण दिशा में यात्रा करना अशुभ माना जाता है. हालांकि, अगर किसी जरूरी काम से इस दिशा में जाना पड़े, तो मान्यता के अनुसार घर से निकलने से पहले हनुमान मंदिर में फल अर्पित करके यात्रा शुरू कर सकते हैं.
नया पलंग या बिस्तर न खरीदें:- पंचक के इन पांच दिनों में नया पलंग या बिस्तर खरीदना और बनवाना भी शुभ नहीं माना जाता. इसलिए अगर आप घर के लिए नया बेड या बिस्तर लेने की सोच रहे हैं, तो इस काम को पंचक समाप्त होने के बाद करना बेहतर माना जाता है.
अंतिम संस्कार के नियमों का रखें ध्यान:- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर पंचक के दौरान किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो अंतिम संस्कार से पहले पंचक शांति का विधान किया जाता है. इसके लिए योग्य पंडित की सलाह से कुशा या आटे के पांच पुतले बनाकर उनका विधिपूर्वक दाह संस्कार करने की परंपरा बताई गई है. ऐसी स्थिति में परिवार को किसी जानकार पुरोहित से मार्गदर्शन लेना चाहिए.
अग्नि पंचक में क्या करना चाहिए?
- भगवान शिव, विष्णु और हनुमान जी की पूजा:- पंचक के दौरान भगवान शिव, श्रीहरि विष्णु और हनुमान जी की पूजा-अर्चना करना शुभ माना जाता है. इस अवधि में नियमित रूप से पूजा करें और अपनी श्रद्धा के अनुसार मंत्रों का जाप करें.
- जरूरतमंदों को दान:- अग्नि पंचक में दान-पुण्य का भी विशेष महत्व माना जाता है. इस दौरान जरूरतमंदों, ब्राह्मणों या गायों को अन्न, गुड़ और लाल रंग के वस्त्रों का दान करना शुभ माना जाता है.
- मंत्र जाप और ध्यान:- इन पांच दिनों में मन की शांति के लिए योग, ध्यान और मंत्र जाप कर सकते हैं. गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना भी अच्छा माना जाता है. इसके अलावा धार्मिक ग्रंथों का पाठ भी कर सकते हैं.
- कोर्ट-कचहरी से जुड़े काम:- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अग्नि पंचक के दौरान कोर्ट-कचहरी, मुकदमेबाजी और अपने अधिकारों से जुड़े जरूरी काम किए जा सकते हैं. इस अवधि में ऐसे कार्यों को लेकर मनाही नहीं मानी जाती है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.
