झारखंड: वेज रोल के ऑर्डर में देरी पर ‘संग्राम’, युवक की चाकू से वारकर हत्या

Jharkhand Crime News: झारखंड की सरायकेला-खरसावां जिले दुर्गा पूजा पंडाल के पास लगे फास्ट फूड के स्टॉल पर वेज रोल और चाउमीन के ऑर्डर को लेकर हुआ एक मामूली विवाद एकाएक हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. फिर देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी हो गई. चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो से तीन अन्य युवक घायल हुए हैं. मामला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र का है.
स्टॉल पर हुई हिंसक झड़प, चाकूबाजी और एक युवक की मौत के बाद वहां अपरा तफरी मच गई. मामले की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक युवक की पहचान शेखर के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके शव को कब्जे में ले लिया और पूरे मामले की जांच में जुट गई है. जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक शेखर आपने कुछ दोस्तों के साथ बुधवार की देर रात आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जियाडा सर्विस लेन स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के पास एक फास्ट फूड स्टॉल पर पर वेज रोल सहित अन्य आइटम खाने पहुंचा था.
डिलीवरी को लेकर युवकों के बीच तू तू मैं मैं
फास्ट फूड स्टॉल पर वेज रोल सहित अन्य फास्ट फूड आइटम के ऑर्डर की डिलीवरी में देर होने पर वहां मौजूद युवकों के बीच तू तू मैं मैं शुरू हो गई. देखते ही देखते ये तू तू मैं मैं चाकूबाजी की घटना में तब्दील हो गई. चाकूबाजी की घटना में शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया. शेखर को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
वहीं, अन्य घायल युवकों का इलाज जारी है. फूड स्टॉल पर हुए हिंसक घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना घटनास्थल पर पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. साथ-ही पुलिस ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद ली.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे विवाद की असली वजह और हिंसक झड़प में शामिल अन्य युवकों की पहचान और भूमिका की जांच कर रही है. क्या युवकों का पहले से कोई विवाद था पुरानी रंजिश थी या महज फूड स्टॉल पर हुए मामूली विवाद और आवेश में ये हिंसक घटना हुई है. कहीं घटना का पहले से प्लान तो नहीं बनाया गया था. पुलिस इस बातों की भी पड़ताल कर रही है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में ड्रग्स सिंडिकेट पर शिकंजा, 6 अरेस्ट जिम्मी कैसे विदेशी नंबरों से चला रहा था नेटवर्क?
