उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान को मिला नया कार्यकारी पूर्णकालीन अध्यक्ष, जानें कौन हैं डॉ. आनंद कुमार सिंह

उत्तर प्रदेश सरकार ने हिन्दी साहित्य और हायर एजुकेशन के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय डॉ. आनंद कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान का कार्यकारी पूर्णकालीन अध्यक्ष नियुक्त किया है. गाजीपुर के रहने वाले डॉ. सिंह की नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से एक वर्ष के लिए की गई है. वो भोपाल के इंस्टीट्यूट फॉर एक्सीलेंस इन हायर एजुकेशन में हिन्दी के प्रोफेसर रह चुके हैं.
उनकी पहचान एक साहित्यकार, कवि और आलोचक के रूप में भी है. उन्होंने हिन्दी साहित्य को कई महत्वपूर्ण रचनाएं दी हैं.
डॉ. आनंद कुमार सिंह ने कहां से की है पढ़ाई?
डॉ. आनंद कुमार सिंह ने वर्ष 1989 में दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद वर्ष 1990 में उन्होंने NET और JRF क्वालीफाई किया. वर्ष 1998 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से हिन्दी विषय में पीएचडी की डिग्री हासिल की.
उन्होंने वर्ष 1994 से 2020 तक अलग-अलग कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों में अपनी सेवाएं दीं. इस दौरान उन्होंने असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर जैसे पदों पर काम किया. वो भोपाल के इंस्टीट्यूट फॉर एक्सीलेंस इन हायर एजुकेशन में हिन्दी के प्रोफेसर रहे हैं.
इसके अलावा अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी विश्वविद्यालय, भोपाल की सामान्य परिषद के सदस्य और महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा से जुड़े शैक्षणिक दायित्व भी निभाए हैं. जयपुर स्थित पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से संबंधित गतिविधियों में भी उनकी भागीदारी रही है.
26 साल में लिखी चर्चित महाकाव्यात्मक रचना
डॉ. आनंद कुमार सिंह की साहित्यिक रुचि कविता, हिन्दी आलोचना और भारतीय संस्कृति जैसे विषयों में रही है. उनकी प्रमुख रचनाओं में ‘अथर्वा’ और ‘मैं वही वन हूं’ शामिल हैं. उनकी महाकाव्यात्मक रचना ‘मैं वही वन हूं’ को तैयार करने में करीब 26 साल का समय लगा. इस किताब के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान की ओर से तुलसी पुरस्कार दिया गया है.
इसके अलावा उन्होंने संस्कृत की महत्वपूर्ण साहित्यिक कृति के अनुवाद कार्य में भी योगदान दिया है. हिन्दी काव्य साहित्य, आलोचना, लोक-स्मृति और भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों पर पुस्तकों का संपादन भी किया है.
कई साहित्यिक पुरस्कारों से हो चुके हैं सम्मानित
डॉ. सिंह को कई सम्मान मिल चुके हैं. इनमें वर्ष 2014 का आदर्श रामचरित मानस अखिल भारतीय साहित्य पुरस्कार और मध्य प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन का साहित्य सम्मान प्रमुख हैं. इसके अलावा उन्हें मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी, भोपाल की ओर से सम्मानित किया जा चुका है. वर्ष 2017 में विश्व हिन्दी साहित्य परिषद ने उन्हें साहित्य सिंह सम्मान दिया. वर्ष 2018 में आलोचना रचनाकार सम्मान से भी नवाजा गया. उन्हें वर्ष 2005 में विवेक भूषण पुरस्कार और 2008 में विद्वत सम्मान भी मिला.
मॉरीशस में विश्व हिन्दी सम्मेलन में की सहभागिता
डॉ. आनंद कुमार सिंह का योगदान राष्ट्रीय स्तर के साथ अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक गतिविधियों में भी रहा है. विश्व हिन्दी सचिवालय, मॉरीशस की ओर से उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था. उन्होंने मॉरीशस में आयोजित विश्व हिन्दी सम्मेलन सहित कई साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है. हिन्दी भाषा और साहित्य से जुड़ी इन गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई है.
