कुंडा में बाबा बागेश्वर की कथा शुरू होने से पहले राजा भैया की पत्नी ने की ये अपील!

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेती राजभवन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा आयोजित होने जा रही है. इस आयोजन को लेकर विधायक और पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने भावुक अपील की है. उन्होंने कथा में शामिल होने, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दर्शन करने और श्रीराम कथा सुनने की इच्छा जताई है. साथ ही उन्होंने राजा भैया से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने का अवसर देने की अपील की है.
अपनी अपील में भानवी सिंह ने बेती राजभवन को अपनी ससुराल बताते हुए कहा कि इस पावन आयोजन का समाचार सुनकर उनका मन श्रद्धा, आस्था और भावनाओं से भर गया है. उन्होंने लिखा कि उनकी भी हार्दिक इच्छा है कि वह इस आयोजन में शामिल होकर बाबा बागेश्वर के दर्शन करें और प्रभु श्रीराम की कथा सुनें. उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘मेरे हजूर’ यानी राजा भैया उनकी धार्मिक और आध्यात्मिक अभिलाषा का सम्मान करेंगे और उन्हें कथा में शामिल होने का अवसर देंगे.
राजा भैया और भानवी सिंह के बीच लंबे समय से विवाद
राजा भैया और भानवी सिंह के बीच वैवाहिक विवाद पिछले कई साल से चल रहा है. दोनों की शादी 1995 में हुई थी. उनके चार बच्चे हैं. नवंबर 2022 में राजा भैया ने दिल्ली की साकेत फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दाखिल की थी. इसमें उन्होंने मानसिक क्रूरता और पत्नी के अलग रहने को तलाक का आधार बताया था. राजा भैया की ओर से आरोप लगाया गया था कि भानवी सिंह ने वैवाहिक घर छोड़ दिया और उनके भाई अक्षय प्रताप सिंह को लेकर लगाए गए आरोपों से परिवार में विवाद पैदा हुआ.
इसके जवाब में भानवी सिंह ने अदालत में अपना पक्ष रखा. अगस्त 2023 में दाखिल जवाबी हलफनामे में उन्होंने राजा भैया पर घरेलू हिंसा, दुर्व्यवहार और विवाहेतर संबंधों जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने यह भी कहा था कि वह शादी खत्म नहीं करना चाहतीं और रिश्ते को बचाने के लिए तैयार हैं.
विवाद में परिवार के दूसरे सदस्य भी आए
राजा भैया और भानवी सिंह के बीच विवाद के दौरान परिवार के दूसरे सदस्य भी चर्चा में आए. भानवी सिंह ने राजा भैया के भाई और विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं को लेकर शिकायत की थी. वहीं, भानवी सिंह की बहन साध्वी सिंह की शिकायत पर सितंबर 2023 में भानवी सिंह के खिलाफ मानहानि, आपराधिक साजिश और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में FIR दर्ज हुई थी.
जुलाई 2024 में भानवी सिंह के खिलाफ एक निजी कंपनी के पूर्व निदेशक की शिकायत पर धोखाधड़ी और साजिश के आरोपों में भी FIR दर्ज हुई थी. इस मामले में शिकायतकर्ता ने कंपनी के निदेशक पद से हटाए जाने को लेकर आरोप लगाए थे.
2025 में घरेलू हिंसा की FIR, 2026 में कोर्ट से राजा भैया को राहत
मार्च 2025 में भानवी सिंह ने दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव थाने में घरेलू हिंसा और क्रूरता के आरोपों को लेकर राजा भैया के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी. उन्होंने पुराने समय में हिंसा और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे. दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद चार्जशीट दाखिल की. हालांकि, फरवरी 2026 में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने इस चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया. अदालत ने कहा कि आरोपों से जुड़ी घटनाएं पुरानी थीं और मामला समय-सीमा के बाहर था. अदालत ने यह भी दर्ज किया कि दोनों 2017 से 2025 तक अलग रह रहे थे और हाल के समय में क्रूरता की कोई घटना सामने नहीं आई. यह आदेश घरेलू हिंसा की FIR से जुड़ा था, तलाक याचिका पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
अब रामकथा के बहाने परिवार में मेल-मिलाप की अपील
भानवी सिंह ने अपनी ताजा अपील में परिवार में व्याप्त नकारात्मकता, कटुता और अशांति खत्म होने की प्रार्थना की है. उन्होंने कहा कि जिन परिस्थितियों ने परिवार की सुख-शांति और पारिवारिक सौहार्द को प्रभावित किया है, उनसे मुक्ति मिले और परिवार में फिर से प्रेम, विश्वास, एकजुटता और खुशहाली का माहौल बने. उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भी प्रार्थना की कि वे अपने आध्यात्मिक आशीर्वाद और मार्गदर्शन से परिवार में सकारात्मकता, प्रेम और सद्भाव का संचार करें.
भानवी सिंह ने श्रीराम कथा को सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मर्यादा, त्याग, करुणा, धैर्य और पारिवारिक मूल्यों की सीख देने वाला अवसर बताया. भानवी सिंह की इस अपील के बाद अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि राजा भैया की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या उन्हें बेती राजभवन में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा में शामिल होने का अवसर मिलता है.
